IND vs SA: मार्को जैंसन ने भारत के खिलाफ 7 छक्के लगाकर रचा इतिहास, कर डाली शाहिद अफरीदी की बराबरी
गुवाहाटी में भारत के खिलाफ मार्को जैंसन ने बेहतरीन बल्लेबाजी की. उन्होंने टीम इंडिया के खिलाफ 7 छक्के जड़े. इसी के साथ उन्होंने शाहिद अफरीदी के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है.
गुवाहाटी: दक्षिण अफ्रीका के ऑलराउंडर मार्को जैंसन ने गुवाहाटी में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन कुछ ऐसा कर दिखाया कि पूरा क्रिकेट जगत हैरान रह गया. नंबर-9 पर बल्लेबाजी करने आए जैंसन ने भारत के खिलाफ अपनी पारी में पूरे 7 छक्के जड़े.
दक्षिण अफ्रीका के लिए टेस्ट क्रिकेट में एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के खास क्लब में जगह बना ली. उन्होंने एबी डी विलियर्स और शाहिद अफरीदी के रिकॉर्ड की भी बराबरी कर ली है.
मार्को जैंसन का धमाकेदार प्रदर्शन
जब मार्को जैंसन क्रीज पर आए तब दक्षिण अफ्रीका की टीम मुश्किल में थी. लेकिन इस बाएं हाथ के बल्लेबाज ने पहले सीनियर मुथुस्वामी के साथ 97 रनों की शानदार साझेदारी की और फिर तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी की.
उन्होंने भारतीय गेंदबाजों की जमकर धुनाई की और एक के बाद एक गगनचुंबी छक्के लगाए. कुल 7 छक्के. यह किसी दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज द्वारा टेस्ट की एक पारी में लगाए गए सबसे ज्यादा छक्के हैं.
डी विलियर्स और डी कॉक की बराबरी
इस उपलब्धि के साथ मार्को जैंसन ने दो दिग्गजों एबी डी विलियर्स और क्विंटन डी कॉक की बराबरी कर ली. एबी डी विलियर्स ने 2009 में केपटाउन में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 7 छक्के लगाए थे.
क्विंटन डी कॉक ने 2021 में वेस्टइंडीज के खिलाफ ग्रोस आइलेट में 7 छक्के जड़े थे. अब मार्को जैंसन ने 2025 में भारत के खिलाफ गुवाहाटी में भी 7 छक्के लगाकर इतिहास रच दिया.
शाहिद अफरीदी के रिकॉर्ड की बराबरी
भारत के खिलाफ टेस्ट पारी में भी सबसे ज्यादा 7 छक्के लगाने का रिकॉर्ड अब जैंसन के नाम जुड़ गया है. इससे पहले यह रिकॉर्ड पाकिस्तान के शाहिद आफरीदी के नाम था, जिन्होंने 2006 में लाहौर में भारत के ही खिलाफ 7 छक्के लगाए थे.
शतक से चूके मार्को जैंसन
जैंसन ने अपनी पारी में 93 रनों की शानदार इनिंग खेली. वह अपने पहले टेस्ट शतक से महज 7 रन दूर थे. कुलदीप यादव की एक बेहतरीन गुगली ने उन्हें बोल्ड कर दिया. गेंद अंदर आई और बल्ले का अंदरूनी किनारा लेकर स्टंप्स में समा गई. शतक सेचूकने का दर्द साफ उनके चेहरे पर दिख रहा था.
नंबर 9 या उससे नीचे सबसे ज्यादा छक्के
नंबर 9 या उससे नीचे बल्लेबाजी करते हुए टेस्ट पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का विश्व रिकॉर्ड न्यूजीलैंड के टिम साउदी के नाम है, जिन्होंने 2008 में इंग्लैंड के खिलाफ 9 छक्के लगाए थे. मार्को जैंसन अब 7 छक्कों के साथ दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं.