menu-icon
India Daily

IND vs ENG: अर्शदीप सिंह शतक के करीब, टी20 में ऐसा करते ही बना देंगे बड़ा रिकॉर्ड

अर्शदीप सिंह के पास एक बड़ा मौका है टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 100 विकेट लेने का. इंग्लैंड के खिलाफ होने वाले दूसरे टी20 मैच में उन्हें महज 3 विकेट की जरूरत है ताकि वह इस ऐतिहासिक मुकाम तक पहुंच सकें. अगर वह ऐसा करने में सफल होते हैं तो वह भारत के पहले गेंदबाज बन जाएंगे.

Gyanendra Sharma
IND vs ENG: अर्शदीप सिंह शतक के करीब, टी20 में ऐसा करते ही बना देंगे बड़ा रिकॉर्ड
Courtesy: Social Media

भारत ने इंग्लैंड को पहले टी20 मैच में 7 विकेट से हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाई. इस जीत में भारतीय गेंदबाजों का अहम योगदान था, जिन्होंने इंग्लैंड को 132 रन पर समेट दिया. भारत की शानदार गेंदबाजी की अगुवाई लेफ्ट आर्म पेसर अर्शदीप सिंह ने की, जिन्होंने अपनी धारदार गेंदबाजी से इंग्लैंड के बल्लेबाजों को खासा परेशान किया. अर्शदीप ने 4 ओवर में 17 रन देकर 2 विकेट हासिल किए, और अपनी गेंदबाजी से साबित कर दिया कि क्यों वह भारत के एक अहम गेंदबाज बन चुके हैं.

अब अर्शदीप सिंह के पास एक और बड़ा मौका है टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 100 विकेट लेने का. इंग्लैंड के खिलाफ होने वाले दूसरे टी20 मैच में उन्हें महज 3 विकेट की जरूरत है ताकि वह इस ऐतिहासिक मुकाम तक पहुंच सकें. अगर वह ऐसा करने में सफल होते हैं तो वह भारत के पहले गेंदबाज बन जाएंगे, जिन्होंने इस फॉर्मेट में 100 विकेट लेने का कारनामा किया हो.

पहले मैच में इंग्लैंड के बल्लेबाजों के किया परेशान

अर्शदीप की इस उपलब्धि की अहमियत इस बात से भी बढ़ जाती है कि टी20 क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन करने के लिए गेंदबाजों को विविधता और सटीकता दोनों की जरूरत होती है. अर्शदीप सिंह ने अपनी यॉर्कर गेंदों, स्विंग और धीमी गेंदों के साथ इंग्लैंड के बल्लेबाजों को चकमा दिया और यह साबित किया कि वह आधुनिक क्रिकेट के सबसे खतरनाक पेस गेंदबाजों में से एक हैं.

अगले मैच में लेने होंगे विकेट

अगर अर्शदीप यह रिकॉर्ड तोड़ते हैं, तो यह न केवल उनके करियर के लिए एक बड़ा माइलस्टोन होगा, बल्कि भारतीय क्रिकेट के लिए भी गर्व का क्षण होगा. अब देखना होगा की क्या अर्शदीप दूसरे मुकाबले में 100 विकेट पूरे कर पाते हैं या उन्हे आगे आने वाले मैचों के लिए इंतजार करना होगा. भारत और इंग्लैंड के बीच दूसरा टी20 मुकाबला 25 जनवरी को चेन्नई में खेला जाएगा.