'उसमें रनों की भूख'....बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में कंगारू टीम के लिए सबसे बड़ा खतरा कौन? मैथ्यू हेडन ने लिया इस खिलाड़ी का नाम
Rishabh Pant:भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच होने वाली 5 टेस्ट मैचों की बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में ऋषभ पंत कंगारू टीम के लिए बड़ा खतरा होंगे. ऑस्ट्रेलिया के पूर्व बल्लेबाज मैथ्यू हेडन का यह मानना है. उन्होंने बताया कि पंत में जीत की भूख है. उनका पिछला रिकॉर्ड भी बढ़िया रहा है.
Rishabh Pant: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच इसी साल नवंबर महीने से 5 मैचों की बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी का आगाज होने वाला है. 22 नवंबर को पर्थ में पहला टेस्ट होगा. विश्व कप टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में जगह पक्की करने के लिए यह सीरीज दोनों टीमों के लिए अहम है. कंगारू टीम अपने घर में यह सीरीज खेलेगी, इसलिए उसके लिए होम एडवांटेज रहने वाला है, लेकिन कंगारू टीम के स्टार बल्लेबाज रहे मैथ्यू हेडन ने उस खिलाड़ी के नाम का खुलासा कर दिया है जो ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे बड़ा खतरा होगा.
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व बल्लेबाज मैथ्यू हेडन ने बुधवार को मुंबई में आयोजित हुए सीएट क्रिकेट रेटिंग अवॉर्ड्स समारोह के मौके पर कहा, 'ऋषभ पंत जैसे खिलाड़ी के अंदर जीत की भूख है और उनकी ‘मसल मेमरी’ (प्रक्रियात्मक स्मृति) शानदार है. पिछली बार जब वह वहां खेले थे तो वह अहम खिलाड़ी रहे थे और ऑस्ट्रेलिया के दर्शकों को भी उनका खेल काफी पसंद आया था.'
ऑस्ट्रेलिया को होम एडवांटेज नहीं
मैथ्यू हेडन का ये भी मानना है कि अब ऑस्ट्रेलिया के पास 'होम एडवांटेज' नहीं रह गया है. इसलिए पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में जो रन बनेंगे, वह बेशकीमती (Priceless) होंगे. हेडन ने कहा ऑस्ट्रेलिया में यूज होने वाली ड्रॉप-इन पिच और डे-नाइट टेस्ट मैच की वजह से घरेलू बढ़त की उम्मीद बिल्कुल खत्म हो गई है.
बल्लेबाजों को होगी मुश्किल
मैथ्यू हेडन ने कहा '5 में से 3 यानी पर्थ, एडिलेड और सिडनी में तो ड्रॉप इन पिचें होंगी. फिर एडिलेड में खेला जाने वाला टेस्ट मैच डे-नाइट रहेगा, वहां शाम होते ही बल्लेबाजों के लिए परिस्थितियां बेहद कठिन बन जाएगी, इन परिस्थितियों में ऑस्ट्रेलिया का अपने घर में खेलने का फायदा यानी होम एडवांटेज काफी हद तक कम होता जाएगा.'
ऋषभ पंत ने ऑस्ट्रेलियाई मैदान पर 624 रन बनाए हैं
ऋषभ पंत करीब पिछले 2 साल से टेस्ट नहीं खेले. सड़क हादसे के बाद वो पहली बार टेस्ट टीम में चुने जा सकते हैं. आईपीएल 2024 के जरिए उन्होंने मैदान पर वापसी की थी. फिर विश्व कप 2024 में जगह बनाई. पंत ने अपने करियर के 7 टेस्ट मैच ऑस्ट्रेलियाई मैदानों पर खेले हैं, जहां उन्होंने 62.40 की औसत और 72.13 की स्ट्राइक रेट से 1 शतक और 2 अर्धशतक बनाए हैं.
भारत ने दर्ज की थी ऐतिहासिक जीत
दरअसल, साल 2020-21 में ऑस्ट्रेलिया दौरे पंत ने कमाल का प्रदर्शन किया था. तीन मैचों की टेस्ट सीरीज को भारत ने 2-1 से अपने नाम करके लगातार दूसरी बार बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी अपने नाम की थी. उस सीरीज में पंत ने तीसरे और चौथे टेस्ट की दूसरी पारी में क्रमश: 97 और 98 रनों की पारी खेली थी. यह भारत के लिए ऐतिहासिक जी थी.