T20 World Cup 2026

खुशियों के बीच पसरा मातम, मुंडन कराकर लौट रही बस पलटी; मासूम समेत दो की दर्दनाक मौत

गुमला जिले के रायडीह में टांगीनाथ धाम से मुंडन कराकर लौट रही बस पलटने से एक पांच वर्षीय मासूम और अज्ञात महिला की मौत हो गई. इस भीषण हादसे में कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं.

Social Media
Kanhaiya Kumar Jha

रांची: झारखंड के गुमला जिले में बुधवार को एक हृदयविदारक सड़क दुर्घटना हुई. डुमरी प्रखंड के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल टांगीनाथ धाम से मुंडन संस्कार पूरा कर खुशी-खुशी लौट रहे श्रद्धालुओं की बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई. रायडीह थाना क्षेत्र के पुराने शंख घाट मोड़ के पास हुए इस हादसे ने एक ही परिवार के उल्लास को गहरे सन्नाटे और मातम में बदल दिया. इस भीषण घटना में एक पांच वर्षीय मासूम शिवम और एक अज्ञात महिला की दर्दनाक मृत्यु हो गई है.

सिमडेगा जिले के ठेठईठांगर निवासी एक ही परिवार के रिश्तेदार मुंडन संस्कार हेतु टांगीनाथ धाम गए थे. धार्मिक अनुष्ठान विधिवत तरीके से संपन्न करने के बाद सभी श्रद्धालु मेहता नामक बस से वापस लौट रहे थे. शंखमोड़ मांझाटोली के पास तीखे मोड़ पर बस अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पलट गई. इस हादसे में शिवम केशरी और एक महिला बस के नीचे दब गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई और चीख-पुकार मच गई.

ग्रामीणों ने दिखाई मानवता की मिसाल 

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने बस के अंदर फंसे घायल और घबराए हुए यात्रियों को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया. ग्रामीणों ने मानवता का परिचय देते हुए न केवल घायलों को ढांढस बंधाया, बल्कि उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रायडीह पहुंचाने में प्रशासन का सहयोग भी किया. ग्रामीणों की इस तत्परता की वजह से कई गंभीर रूप से घायल यात्रियों को समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध हो सकी है.

घायलों का उपचार और गंभीर स्थिति 

रायडीह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर राजीव कुमार और एएनएम की टीम ने सभी घायलों का प्राथमिकता के आधार पर प्राथमिक उपचार किया. प्राथमिक जांच के बाद अधिकांश घायलों को सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया. सदर अस्पताल में डीआरडीए निदेशक विद्या भूषण कुमार और डीएस डॉक्टर अनुपम किशोर स्थिति पर नजर रखे हुए थे. जो लोग इस हादसे में बहुत अधिक गंभीर रूप से घायल थे, उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स अस्पताल रेफर कर दिया गया है.

संकरा जोखिम भरा मोड़ 

स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बस को कब्जे में ले लिया है और मामले की छानबीन शुरू कर दी है. बताया जा रहा है कि पुराने शंख घाट मोड़ के पास की सड़क काफी संकरी और जोखिमभरी है. इस खतरनाक मोड़ पर पहले भी कई छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं हो चुकी हैं. पुलिस अब यह जांच कर रही है कि क्या दुर्घटना का मुख्य कारण चालक की लापरवाही थी या सड़क की बनावट में कोई तकनीकी खामी थी?