'BCCI ने की बार-बार पाकिस्तान को मनाने की रिक्वेस्ट…', शोएब मलिक के शो में चला राजीव शुक्ला का फर्जी ऑडियो; मचा बवाल
राजीव शुक्ला का एक नकली ऑडियो क्लिप एक पाकिस्तानी टीवी शो पर चलाया गया, जिसमें कथित तौर पर BCCI की ICC को पाकिस्तान को इजाजत देने के लिए मनाने की कोशिशों का जिक्र था. ऑडियो के असली होने पर सवाल उठ रहे हैं.
नई दिल्ली: टी20 वर्ल्ड कप के बीच एक नया विवाद सामने आया है. पाकिस्तान के एक क्रिकेट शो में बीसीसीआई वाइस-प्रेसिडेंट राजीव शुक्ला का ऑडियो चलाया गया, जिसे अब फर्जी बताया जा रहा है. यह शो पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर शोएब मलिक होस्ट कर रहे थे और इसका प्रसारण एआरवाई न्यूज पर हुआ.
कार्यक्रम में एक ऑडियो क्लिप चलाई गई, जिसमें दावा किया गया कि बीसीसीआई ने आईसीसी से बार बार अनुरोध किया था कि वह पाकिस्तान को टी20 वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ मैच खेलने के लिए मनाए. ऑडियो में कथित तौर पर राजीव शुक्ला की आवाज सुनाई देती है. उसमें कहा गया कि आईसीसी प्रतिनिधि ने बीसीसीआई के अनुरोध पर पाकिस्तान को मनाया और क्रिकेट को प्राथमिकता देते हुए समाधान निकाला गया.
असल में राजीव शुक्ला ने क्या दिया था बयान?
असल में राजीव शुक्ला ने मीडिया से बातचीत में अलग बयान दिया था. उन्होंने आईसीसी अध्यक्ष जय शाह और पदाधिकारियों का धन्यवाद किया था. उन्होंने कहा था कि आईसीसी ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड से चर्चा के बाद सभी पक्षों की राय सुनकर फैसला लिया.
राजीव शुक्ला ने और क्या कहा?
शुक्ला ने अपने बयान में यह भी कहा था कि यह फैसला क्रिकेट के लिए महत्वपूर्ण है और विश्व कप की सफलता के लिए जरूरी है. उन्होंने इसे आईसीसी की बड़ी उपलब्धि बताया था. उन्होंने कहीं भी यह नहीं कहा कि बीसीसीआई ने बार बार अनुरोध कर पाकिस्तान को मनाने की पहल की. यहां तक कि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने भी ICC की तारीफ की है, इसलिए उसने सभी पक्षों की बात सुनी और सभी के फायदे को ध्यान में रखकर फैसला किया है.'
इस घटना के बाद शो और चैनल की आलोचना हो रही है. विशेषज्ञों का कहना है कि एआई के दौर में फर्जी ऑडियो और वीडियो बनाना आसान हो गया है, जिससे भ्रम की स्थिति पैदा होती है. ऐसे मामलों में आधिकारिक बयान और विश्वसनीय स्रोतों पर भरोसा करना जरूरी है.
और पढ़ें
- T20 World Cup 2026: शानदार फॉर्म में चल रही न्यूजीलैंड को बड़ा झटका, इस कारण टूर्नामेंट से बाहर हुए माइकल ब्रेसवेल
- T20 World Cup 2026: नामीबिया के खिलाफ मैच से अभिषेक शर्मा होंगे बाहर! सूर्या ने दिया बड़ा अपडेट, संजू सैमसन की फिर खुलेगी किस्मत?
- T20 World Cup 2026: मेजबान टीम को लगा बड़ा झटका, पूरे टूर्नामेंट से बाहर हुआ ये स्टार खिलाड़ी