menu-icon
India Daily

हरमनप्रीत कौर ने जीता सभी का दिल, इंग्लैंड के खिलाफ 6 विकेट लेने वाली क्रांति गौड़ को दिया खास गिफ्ट, देखें वीडियो

ENG W vs IND W: इंग्लैंड महिला टीम के खिलाफ भारतीय टीम ने 13 रनों से जीत दर्ज की. इस मुकाबले में शतक लगाने वाली कप्तान हरमनप्रीत कौर को प्लेयर ऑफ दे मैच चुना गया था. ऐसे में उन्होंने अपना ये अवॉर्ड क्रांति गौड़ के साथ शेयर किया है.

mishra
हरमनप्रीत कौर ने जीता सभी का दिल, इंग्लैंड के खिलाफ 6 विकेट लेने वाली क्रांति गौड़ को दिया खास गिफ्ट, देखें वीडियो
Courtesy: Social Media

ENG W vs IND W: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने अपने शानदार प्रदर्शन और दिल जीतने वाले अंदाज से एक बार फिर सभी का ध्यान खींचा. इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे वनडे मैच में भारत ने 13 रनों से जीत हासिल की और सीरीज अपने नाम की. इस जीत में युवा तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ ने शानदार प्रदर्शन किया, जिसके लिए हरमनप्रीत ने उन्हें खास सम्मान दिया.

22 जुलाई को चेस्टर-ली-स्ट्रीट के रिवरसाइड ग्राउंड में खेले गए इस मैच में क्रांति गौड़ ने कमाल की गेंदबाजी की. उन्होंने 9.5 ओवर में 52 रन देकर 6 विकेट लिए और इंग्लैंड की बल्लेबाजी को तहस-नहस कर दिया. क्रांति ने एमी जोंस, टैमी ब्यूमोंट, एलिस डेविडसन-रिचर्ड्स, चार्ली डीन, लॉरेन फाइलर और लॉरेन बेल जैसे बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा. उनकी इस उपलब्धि ने उन्हें झूलन गोस्वामी और जसप्रीत बुमराह के बाद इंग्लैंड की धरती पर वनडे में 6 विकेट लेने वाली तीसरी भारतीय गेंदबाज बना दिया.

हरमनप्रीत का खास तोहफा

मैच में हरमनप्रीत कौर ने 84 गेंदों में 14 चौकों की मदद से 102 रनों की शानदार पारी खेली और उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया. लेकिन हरमनप्रीत ने इस सम्मान को क्रांति के साथ साझा करने का फैसला किया. उन्होंने क्रांति को उस गेंद पर अपना ऑटोग्राफ देकर गिफ्ट किया, जिससे उन्होंने 6 विकेट लिए थे. यह हरमनप्रीत का क्रांति के प्रति सम्मान और प्रोत्साहन का खूबसूरत इशारा था.

क्रांति की तारीफ में हरमनप्रीत

हरमनप्रीत ने क्रांति की जमकर तारीफ की और उनकी परिपक्वता और शांतचित्त रवैये की सराहना की. उन्होंने कहा, "मैं यह अवॉर्ड क्रांति के साथ बांटना चाहती हूं क्योंकि उन्होंने अपने करियर का सबसे शानदार प्रदर्शन किया. एक तेज गेंदबाज के रूप में ऐसी उपलब्धि कमाल की है. हम लंबे समय से ऐसी गेंदबाज की तलाश में थे. क्रांति ने इंडिया-ए, डब्ल्यूपीएल और घरेलू क्रिकेट से मिले अनुभव को बखूबी इस्तेमाल किया. वह इसके हकदार हैं, और मुझे उनके लिए बहुत खुशी है."

भारत की बल्लेबाजी और जीत

मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए हरमनप्रीत के शतक (102), जेमिमा रोड्रिग्स की अर्धशतकीय पारी (50) और रिचा घोष के नाबाद 38 रनों की मदद से 318 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया. जवाब में इंग्लैंड की टीम क्रांति की घातक गेंदबाजी के सामने 49.5 ओवर में 305 रन पर सिमट गई. क्रांति ने इस सीरीज में कुल 9 विकेट लिए और वह सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज रहीं.