ENG vs IND 4th Test, Anshul Kamboj: इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टेस्ट मैच में भारतीय टीम मैदान पर उतरने के लिए तैयार है. टीम इंडिया को इस मुकाबले से पहले कुछ झटके लगे क्योंकि कई खिलाड़ी चोटिल हो चुके हैं. ऐसे में टीम इंडिया के स्क्वाड में बदलाव करते हुए युवा तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज को शामिल किया गया है. इस गेंदबाज का डेब्यू तो अभी कंफर्म नहीं लेकिन उससे पहले ही काफी चर्चा हो रही है.
कंबोज ने पिछले कुछ समय से अपनी गेंदबाजी में कमाल दिखाते हुए शानदार प्रदर्शन किया है. ऐसे में उन्हें भारतीय टीम में शामिल किया गया है और वे चोटिल आकाश दीप की जगह प्लेइंग 11 में भी शामिल हो सकते हैं. ऐसे में हम जानने वाले हैं कि आखिर डेब्यू से पहले ही इस गेंदबाज के बारें हर कोई बातें क्यों कर रहा है.
अंशुल कंबोज ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन किया था लेकिन उन्हें इंग्लैंड दौरे के लिए टीम इंडिया में शामिल नहीं किया गया था. हालांकि, चौथे मुकाबले से पहले उन्हें टीम में जगह मिली और अब वे डेब्यू कर सकते हैं. कंबोज ने साल 2024 में केरल के खिलाफ रणजी ट्रॉफी में खेलते हुए एक ऐतिहासिक स्पेल डाला था.
कंबोज ने उस मुकाबले में कहर बरपाते हुए एक ही पारी में 10 विकेट अपने नाम किए थे. ऐसा करने वाले वे मात्र तीसरे गेंदबाज बन गए थे. इस स्पेल के बाद वे काफी चर्चा में आ गए और आईपीएल में मुंबई इंडियंस ने उन्हें अपनी टीम में शामिल कर लिया. ऐसे में अगर उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ खेलने का मौका मिलता है, तो वे शानदार प्रदर्शन कर इंटरनेशनल क्रिकेट में भी अपना लोहा मनवाना चाहेंगे.
27 वर्षीय गेंदबाज ने अब तक अपने करियर में 24 फर्स्ट क्लास मुकाबले खेले हैं, जिसमें उन्होंने 79 विकेट अपने नाम किए हैं. इसके अलावा इस गेंदबाज ने 486 रन बानए हैं. ऐसे में वे भारत के लिए बल्ले से भी योगदान दे सकते हैं और टीम इंडिया की जीत में अहम भूमिका निभा सकते हैं.