'अब तक की सबसे कंफ्यूज टीम', पूर्व भारतीय गेंदबाज ने गौतम गंभीर को जमकर निकाली भड़ास
साउथ अफ्रीका के खिलाफ गुवाहाटी में भारत का संघर्ष जारी है. ऐसे में टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर को पूर्व भारतीय गेंदबाज ने जमकर फटकार लगाई है.
नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम की चयन नीति इन दिनों हर किसी के निशाने पर है. दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ चल रही टेस्ट सीरीज में टीम मैनेजमेंट ने जो फैसले लिए हैं, उन्हें देखकर फैंस से लेकर पूर्व क्रिकेटर तक हैरान हैं.
खासकर नंबर-3 की जगह को लेकर हो रहा प्रयोग सबको परेशान कर रहा है. इसी बीच पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज डोडा गणेश ने टीम मैनेजमेंट और हेड कोच गौतम गंभीर पर तीखा हमला बोला है.
नंबर-3 पर क्या चल रहा है?
सीरीज से पहले टीम मैनेजमेंट ने करुण नायर और साई सुदर्शन को नंबर-3 के लिए आजमाया. लगा था कि इनमें से कोई एक इस जगह को पक्का कर लेगा. हाालंकि, जैसे ही पहला टेस्ट शुरू हुआ सबके होश उड़ गए.
नंबर-3 पर बल्लेबाजी करने उतरे वॉशिंगटन सुंदर, जो मुख्य रूप से स्पिन गेंदबाज हैं. साई सुदर्शन तो स्क्वॉड में थे लेकिन प्लेइंग-XI में जगह तक नहीं मिली. दूसरे टेस्ट में गुवाहाटी में एक और ट्विस्ट आया. आखिरकार साई सुदर्शन को मौका मिला और वे नंबर-3 पर बल्लेबाजी करने उतरे.
डोडा गणेश का तीखा वार
पूर्व तेज गेंदबाज डोडा गणेश ने सोशल मीडिया पर लिखा कि यह चयन नीति बिल्कुल समझ से बाहर है. उन्होंने गौतम गंभीर और पूरी टीम मैनेजमेंट पर सवाल उठाते हुए कहा कि भारतीय टीम इस वक्त “अब तक की सबसे कंफ्यूज टीम” लग रही है.
मैदान पर भी बुरा हाल
चयन में उलझन के साथ-साथ बल्लेबाजी भी लड़खड़ा रही है. दक्षिण अफ्रीका ने पहली पारी में 489 रन ठोक दिए. जवाब में भारत सिर्फ 201 रन पर ढेर हो गया. एक समय 122 रन पर 7 विकेट गिर चुके थे.
हालांकि, इसके बाद वॉशिंगटन सुंदर (92 गेंदों में 48) और कुलदीप यादव (134 गेंदों में 19) ने आठवें विकेट के लिए 72 रनों की साझेदारी करके कुछ इज्जत बचाई. अगर ये दोनों न लड़ते तो शर्मनाक हार और बड़ी होती.
मार्को जैंसन के आगे बल्लेबाजों ने टेके घुटने
सुंदर के आउट होते ही दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजों ने बाकी विकेट जल्दी-जल्दी झटक लिए. मार्को जैनसेन ने 6/48 और साइमन हार्मर ने 3/64 लेकर भारतीय बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी. पहली पारी में भारत को 288 रनों की भारी भरकम बढ़त मिल गई.