menu-icon
India Daily

टीम में वापसी लेकिन प्लेइंग 11 में जगह नहीं! साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज में ऋतुराज गायकवाड़ होंगे बाहर

साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज की समाप्ति के बाद भारत को वनडे सीरीज खेलनी है. शुभमन गिल की गैरमौजूदगी में सवाल है कि रोहित के साथ गायकवाड़ और जायसवाल में से कौन ओपनिंग करेगा.

mishra
टीम में वापसी लेकिन प्लेइंग 11 में जगह नहीं! साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज में ऋतुराज गायकवाड़ होंगे बाहर
Courtesy: X

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ होने वाली तीन वनडे मैचों की सीरीज के लिए 15 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है. यह सीरीज 30 नवंबर से शुरू हो रही है. 

ऋतुराज गायकवाड़ और यशस्वी जायसवाल को लेकर सबसे अधिक चर्चा हो रही है. पूर्व भारतीय ओपनर आकाश चोपड़ा का मानना है कि भले ही ऋतुराज टीम में वापसी कर रहे हैं लेकिन प्लेइंग 11 में उनकी जगह बनना मुश्किल लग रहा है.

ऋतुराज गायकवाड़ की वापसी पर जायसवाल को मिलेगा मौका

ऋतुराज गायकवाड़ ने घरेलू क्रिकेट में लगातार रन बनाकर टीम में वापसी की है. उनकी फॉर्म को देखते हुए चयनकर्ता उन्हें नजरअंदाज नहीं कर सकते थे. हालांकि, शुभमन गिल और श्रेयस अय्यर के नहीं होने से मिडिल ऑर्डर में जगह खाली है फिर भी आकाश चोपड़ा को लगता है कि ओपनिंग की जिम्मेदारी रोहित शर्मा के साथ यशस्वी जायसवाल को मिलेगी.

आकाश चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, "ऋतुराज ने इतने रन बनाए हैं कि उनकी सेलेक्शन पक्की थी. अभिषेक शर्मा को लाने की बात भी हुई थी लेकिन अभी यशस्वी जायसवाल को पहले मौका देना सही रहेगा. टीम में तो ऋतुराज हैं पर मुझे नहीं लगता कि वे प्लेइंग 11 में खेलेंगे. रोहित शर्मा के साथ यशस्वी ही ओपनिंग करते नजर आएंगे."

नितीश कुमार रेड्डी का रोल अब भी कन्फ्यूजन भरा

चोपड़ा ने आगे कहा, "10 मैच हो गए पर नितीश का रोल अभी तक क्लियर नहीं है. कभी बल्लेबाजी करवाते हैं कभी गेंदबाजी. जिस दिन बल्लेबाजी का मौका देते हैं, गेंदबाजी भूल जाते हैं. जिस दिन गेंदबाजी करवाते हैं बल्लेबाजी नहीं करवाते. रन भी नहीं बन पा रहे और विकेट भी कम मिल रहे हैं.”

चोपड़ा ने आगे कहा कि टेस्ट क्रिकेट में भी यही दिक्कत दिखी. ऑस्ट्रेलिया दौरे पर वे 150 ओवर में सिर्फ 6 ओवर ही डाल पाए. वेस्टइंडीज के खिलाफ दिल्ली टी-20 में तो एक भी ओवर नहीं डाला गया. अब हार्दिक के नहीं होने से नितीश को मौका जरूर मिलेगा पर उनका सही रोल तय करना टीम मैनेजमेंट के लिए चुनौती रहेगा.

केएल राहुल करेंगे कप्तानी

यह सीरीज केएल राहुल की कप्तानी में खेली जाएगी. तीनों मैच रांची, रायपुर और विशाखापट्टनम में 30 नवंबर से 6 दिसंबर के बीच होंगे. कई मुख्य खिलाड़ियों के नहीं होने से यह सीरीज युवा खिलाड़ियों के लिए खुद को साबित करने का बेहतरीन मौका है.

Topics