नई दिल्ली: T-20 वर्ल्ड कप 2026 शुरू होने में अब एक महीने से भी कम समय बचा है. इसी बीच नीदरलैंड ने इस बड़े टूर्नामेंट के लिए अपनी 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है. टीम को ग्रुप A में शामिल किया गया है.
नीदरलैंड टीम की कप्तानी एक बार फिर विकेटकीपर बल्लेबाज स्कॉट एडवर्ड्स को सौंपी गई है. वह एक अनुभवी खिलाड़ी हैं और पहले भी टीम का नेतृत्व कर चुके हैं. पिछले साल बांग्लादेश के खिलाफ खेली गई T-20 सीरीज में भी वह कप्तान थे. टीम में रोलोफ वैन डेर मेरवे, मैक्स ओ’डाउड और अन्य सीनियर खिलाड़ी शामिल हैं, जिससे टीम मजबूत और संतुलित नजर आ रही है.
भारतीय मूल के सलामी बल्लेबाज विक्रमजीत सिंह को इस बार टीम में जगह नहीं मिली है. हाल के मैचों में उनका प्रदर्शन खास नहीं रहा था. बांग्लादेश के खिलाफ T-20 सीरीज और स्कॉटलैंड में हुई ट्राई-सीरीज में वह लगातार रन बनाने में नाकाम रहे. इसी वजह से चयनकर्ताओं ने उन्हें बाहर रखने का फैसला किया. हालांकि, उनके ओपनिंग पार्टनर मैक्स ओ’डाउड को टीम में बनाए रखा गया है.
टीम में युवा ऑलराउंडर बास डी लीडे और अनुभवी स्पिन ऑलराउंडर रोलोफ वैन डेर मेरवे भी शामिल हैं. इनके अलावा कई ऐसे खिलाड़ी हैं, जो बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में योगदान दे सकते हैं. इस वजह से नीदरलैंड की टीम को एक खतरनाक टीम माना जा रहा है, जो बड़े उलटफेर करने की क्षमता रखती है.
नीदरलैंड ने जुलाई 2025 में अपने घर पर खेले गए यूरोप रीजनल फाइनल को जीतकर T-20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए क्वालिफाई किया था. ग्रुप A में नीदरलैंड के साथ भारत, पाकिस्तान, नामीबिया और USA को रखा गया है. नीदरलैंड अपना पहला मैच 7 फरवरी को कोलंबो में पाकिस्तान के खिलाफ खेलेगा. इसके बाद 10 फरवरी को नामीबिया, 13 फरवरी को USA और 18 फरवरी को भारत से मुकाबला होगा.
स्कॉट एडवर्ड्स (कप्तान), कॉलिन एकरमैन, नोआ क्रोस, बास डी लीडे, आर्यन दत्त, फ्रेड क्लासेन, काइल क्लेन, माइकल लेविट, जैक लायन-कैचेट, मैक्स ओ’डाउड, लोगान वैन बीक, टिम वैन डेर गुग्टेन, रोलोफ वैन डेर मेरवे, पॉल वैन मीकेरेन और साकिब जुल्फिकार.