आईपीएल 2026 में गुरुवार को पंजाब किंग्स ने मुंबई इंडियंस को सात विकेट से हरा दिया. मैच में पंजाब की जीत के हीरो रहे प्रभसिमरन सिंह, जिन्होंने मात्र 39 गेंदों में नाबाद 80 रन ठोक दिए. इस पारी के दम पर पंजाब ने 196 रनों का लक्ष्य सिर्फ 16.3 ओवर में हासिल कर लिया. प्रभसिमरन सिंह इस सीजन में लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और उनकी फॉर्म टीम इंडिया के सिलेक्शन पर भी असर डाल सकती है.
मुंबई इंडियंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट पर 195 रन बनाए. क्विंटन डी कॉक ने शानदार शतक जड़ा, लेकिन पंजाब की गेंदबाजी ने उन्हें रोकने में कोई कसर नहीं छोड़ी. जवाब में पंजाब की शुरुआत थोड़ी धीमी रही, लेकिन प्रभसिमरन सिंह और कप्तान श्रेयस अय्यर ने तीसरे विकेट के लिए 67 गेंदों में 139 रनों की शानदार साझेदारी की. प्रभसिमरन सिंह ने 39 गेंदों में 80 रन बनाए, जिसमें 8 चौके और 5 छक्के शामिल थे. उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने मैच का रुख पूरी तरह पलट दिया.
इस सीजन में प्रभसिमरन सिंह पंजाब किंग्स के लिए ओपनिंग करने के साथ-साथ विकेटकीपिंग भी संभाल रहे हैं. उन्होंने अब तक 5 मैचों में 211 रन बना लिए हैं, जिसमें उनका औसत 70.33 और स्ट्राइक रेट 172.95 रहा है. उन्होंने 22 चौके और 11 छक्के जड़े हैं. विकेटकेपींग में भी उन्होंने 3 कैच लपके हैं. उनकी दोहरी जिम्मेदारी पंजाब के लिए बहुत उपयोगी साबित हो रही है.
प्रभसिमरन सिंह का लगातार अच्छा प्रदर्शन टीम इंडिया के सिलेक्शन कमिटी का ध्यान जरूर खींच रहा है. 25 वर्षीय इस विकेटकीपर-बल्लेबाज ने पिछले कुछ सीजनों में भी अच्छा प्रदर्शन किया है. 2023 में उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 103 रनों की पारी खेली थी. अगर वह इस फॉर्म को जारी रखते हैं तो आगामी टी20 और वनडे सीरीज में उन्हें टीम इंडिया में जगह मिलने की संभावना बढ़ जाएगी.
प्रभसिमरन सिंह का IPL 2026 में प्रदर्शन उनकी मेहनत और लगन का नतीजा है. पंजाब किंग्स ने उन्हें 2025 के मेगा ऑक्शन से पहले 4 करोड़ रुपये में रिटेन किया था. अगर वह बाकी मैचों में भी इसी तरह बल्ला घुमाते रहे तो न सिर्फ पंजाब की प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीद बढ़ेगी, बल्कि राष्ट्रीय टीम में भी उनका दावा मजबूत हो जाएगा. क्रिकेट प्रेमी अब प्रभसिमरन सिंह के अगले प्रदर्शन का इंतजार कर रहे हैं.