अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप गुरुवार रात टीवी देख रहे थे. टीवी पर जो कुछ दिख रहा था, वो अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव के लिए रिपब्लिकन कैंडिडेट ट्रंप को पसंद नहीं आया. दरअसल, टीवी पर न्यूज चैनल चल रहा था और उसमें ट्रंप की डेमोक्रेटिक प्रतिद्वंद्वी कमला हैरिस दिख रही थीं. न्यूज में कमला हैरिस पूर्व राष्ट्रपति ट्रंप पर तानाशाहों के आगे झुकने, लोकतंत्र को खतरे में डालने, अमेरिकी मूल्यों के साथ विश्वासघात करने और उन्हें एक गैर-गंभीर व्यक्ति बता रही थीं.
ट्रंप को ये सब पसंद नहीं आया. उन्होंने तुरंत अपना फोन उठाया और फ़ॉक्स न्यूज़ को कॉल कर दिया. ट्रंप के कॉल करते ही फॉक्स न्यूज नेटवर्क ने भी उन्हें तुरंत लाइव कवरेज से जोड़ दिया. इसके बाद ट्रंप अपनी प्रतिक्रिया देने लगे. उन्होंने पूछा कि कमला हैरिस ने वे सभी काम क्यों नहीं किए, जिनका वादा वे कर रही थीं, जबकि वे अभी भी उप-राष्ट्रपति हैं.
कई बार, फॉक्स के एंकरों ने सवाल पूछने के लिए बीच में बोलने की कोशिश की, लेकिन ट्रंप ने उन्हें नज़रअंदाज़ कर दिया. जब ट्रंप अपनी प्रतिक्रिया दे रहे थे, तब बार बार 'बीप' की आवाज आ रही थी. ऐसा लग रहा था कि ट्रंप गलती से बार-बार अपने फोन के कीपैड को दबा रहे थे, जिससे बीप, बीप, बीप की आवाज आ रही थी.
ट्रंप की प्रतिक्रिया के बीच बीप की आवाज करीब 10 मिनट तक आती रही. जब तक कि फॉक्स न्यूज़ ने ट्रंप को सूचित नहीं किया. इस बीच ट्रंप ने अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन के बेटे का भी जिक्र किया. उन्होंने हैरिस से राष्ट्रपति बाइडेन के बेटे के बारे में अपने पसंदीदा नारों में से एक को फिर से दोहराते हुए पूछा कि आखिर हंटर कहां है?
ट्रंप ने हैरिस के आरोपों का जिक्र करते हुए पूछा कि क्या वे मेरे बारे में बात कर रही हैं? ट्रंप ने हैरिस के साथी टिम वाल्ज़ पर हाई स्कूल फ़ुटबॉल टीम के नेता के रूप में अपने रिज्यूमे को बढ़ा-चढ़ाकर पेश करने का भी आरोप लगाया. उन्होंने लिखा कि वाल्ज़ एक सहायक कोच थे, कोच नहीं.