New Zealand Storm: भारी बारिश और तूफानी हवाओं ने न्यूजीलैंड में मचाया तांडव, कई इलाकों में बाढ़ के बाद आपातकाल घोषित

न्यूजीलैंड के दक्षिण द्वीप में भारी बारिश और तूफान ने तबाही मचाई है. कई इलाकों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है. क्राइस्टचर्च शहर में आपातकाल घोषित कर दिया गया है.

social media
Anvi Shukla

New Zealand Storm News: न्यूजीलैंड के दक्षिण द्वीप में गुरुवार को मूसलाधार बारिश और तूफानी हवाओं ने कहर बरपा दिया. भारी बारिश के चलते कई इलाकों में बाढ़ की स्थिति बन गई है और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है.

आपात प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मार्क मिचेल ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी दी कि क्राइस्टचर्च शहर में आपातकाल की स्थिति घोषित कर दी गई है. वहीं, कैंटरबरी क्षेत्र के कुछ हिस्सों में 24 घंटों के भीतर 100 से 180 मिमी तक बारिश रिकॉर्ड की गई है. मौसम विभाग MetService के अनुसार, कुछ इलाकों में तो यह बारिश सामान्य से दोगुना अधिक दर्ज की गई है.

सेलविन जिले में भी आपातकाल लागू

सेलविन जिले के मेयर सैम ब्रॉटन ने बताया कि नदियों का जलस्तर बढ़ने और क्षेत्रीय परिषद की चेतावनी के बाद सुबह 5:39 बजे जिले में आपातकाल घोषित कर दिया गया है.

वेलिंगटन में रेड अलर्ट, हवाई सेवाएं ठप  

MetService ने वेलिंगटन में गुरुवार सुबह 10 बजे से शुक्रवार तड़के 3 बजे तक के लिए रेड वार्निंग जारी की है. यह इस साल की पहली रेड चेतावनी है, जिसे केवल अत्यधिक खतरनाक मौसम की स्थिति में ही जारी किया जाता है. वेलिंगटन में कुछ स्थानों पर हवा की रफ्तार 150 किमी/घंटा तक पहुंच चुकी है, जबकि अन्य इलाकों में यह 118 किमी/घंटा रही.

लोगों को अलर्ट पर रखा गया

Xinhua न्यूज एजेंसी के अनुसार, वेलिंगटन एयरपोर्ट से सभी उड़ानें शाम 6 बजे तक रद्द कर दी गई हैं. नागरिकों को दरवाजों और खिड़कियों से दूर रहने की चेतावनी दी गई है. MetService ने कहा, 'तेज हवाओं के चलते पेड़ गिर सकते हैं और मलबा उड़ सकता है. इससे बिजली आपूर्ति, परिवहन और संचार में भारी व्यवधान आ सकता है.' हालांकि अब तक किसी भी मानव हानि की खबर सामने नहीं आई है.