सऊदी अरब 7 अरब की लागत से बना रहा हाई-स्पीड ट्रेन, 4 घंटे में तय होगा 12 घंटे का सफर
Saudi Landbridge Project: यह प्रोजेक्ट सऊदी विज़न 2030 का अहम हिस्सा है, जिसके तहत सऊदी अरब को आर्थिक, तकनीकी और लॉजिस्टिक्स के क्षेत्र में विश्व स्तर पर मजबूत बनाने का लक्ष्य है.
Saudi Landbridge Project: सऊदी अरब ने तकनीकी और आधारभूत संरचनाओं के विकास की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है. देश में 7 अरब डॉलर की लागत से एक विशाल हाई-स्पीड रेल परियोजना तैयार की जा रही है, जिसे लैंड ब्रिज के नाम से जाना जा रहा है. यह प्रोजेक्ट न सिर्फ सऊदी अरब की यात्रा और व्यापार व्यवस्था में क्रांतिकारी बदलाव लाएगा, बल्कि देश को एक वैश्विक परिवहन केंद्र के रूप में भी स्थापित करेगा.
यह महत्वाकांक्षी परियोजना जेद्दा और रियाद को जोड़ने वाली रेल लाइन के ज़रिए लाल सागर को अरब सागर से जोड़ेगी. करीब 1,500 किलोमीटर लंबा यह कॉरिडोर पश्चिम में जेद्दा से शुरू होकर राजधानी रियाद के रास्ते पूर्व में दम्माम तक जाएगा. यह मार्ग सऊदी अरब के सबसे व्यस्त यात्रा मार्गों में से एक को तेज़, आधुनिक और सुरक्षित बनाएगा.
अभी 12 घंटे में पूरी होती है जेद्दा से रियाद तक की यात्रा
फिलहाल जेद्दा से रियाद तक की यात्रा कार से लगभग 12 घंटे में पूरी होती है. लेकिन लैंड ब्रिज के शुरू होने के बाद हाई-स्पीड ट्रेनें यही दूरी सिर्फ 4 घंटे में तय करेंगी. इससे यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी और देश के भीतर यात्रा का समय काफी घटेगा.
यह प्रोजेक्ट सऊदी विज़न 2030 का अहम हिस्सा है, जिसके तहत सऊदी अरब को आर्थिक, तकनीकी और लॉजिस्टिक्स के क्षेत्र में विश्व स्तर पर मजबूत बनाने का लक्ष्य है. इस रेल नेटवर्क से प्रमुख औद्योगिक शहरों और बंदरगाहों को जोड़कर व्यापार और परिवहन को नई गति मिलने की उम्मीद है.
200 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ेंगी ट्रेनें
इस प्रोजेक्ट को सऊदी रेलवे कंपनी (SAR) संचालित कर रही है. कंपनी देश के रेल नेटवर्क को वर्तमान 5,300 किलोमीटर से बढ़ाकर 8,000 किलोमीटर से अधिक तक विस्तारित करने की योजना पर काम कर रही है. इसके लिए SAR ने 15 नई हाई-स्पीड ट्रेनों का ऑर्डर भी दिया है, जो अधिकतम 200 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ेंगी.
आर्थिक और रणनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है ये प्रोजेक्ट
आर्थिक और रणनीतिक दृष्टि से भी यह रेल कॉरिडोर सऊदी अरब के लिए गेमचेंजर साबित हो सकता है. यह प्रमुख औद्योगिक हब और बंदरगाहों को आपस में जोड़ते हुए लॉजिस्टिक्स और व्यापार को नई दिशा देगा.
कब तक पूरा होगा प्रोजेक्ट?
लैंड ब्रिज प्रोजेक्ट को दिसंबर 2030 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है और निर्माण कार्य पहले ही शुरू हो चुका है. हालांकि, टिकट किराए को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है.
यह परियोजना न केवल सऊदी अरब की परिवहन व्यवस्था को आधुनिक बनाएगी, बल्कि पूरे खाड़ी क्षेत्र में यात्रा और व्यापार के तौर-तरीकों को भी बदल देगी, जिसे विशेषज्ञ रेगिस्तान का चमत्कार कह रहे हैं.