Israel Ceasefire Violations: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को दावा किया कि गाजा में युद्धविराम "अभी भी कायम" है, भले ही इजरायली हवाई हमलों में घेराबंदी वाले क्षेत्र में कम से कम 45 लोग मारे गए हों. यह तनाव तब बढ़ा जब इजरायल ने हमास पर दक्षिणी गाजा में अपने सैनिकों पर हमला करके नौ दिन पुराने युद्धविराम का उल्लंघन करने का आरोप लगाया. इजरायल और हमास के बीच में मध्यस्थता कराने वाले ट्रंप ने संवाददाताओं से बातचीत में तनाव को कमतर आंकते हुए कहा, "हां, यह अभी भी प्रभावी है."
उल्लंघन के लिए हमास हो सकता है जिम्मेदार
उन्होंने यह भी इशारा किया कि उल्लंघन शायद "हमास के भीतर कुछ विद्रोहियों" द्वारा किया गया हो, न कि नेतृत्व द्वारा. ट्रंप ने कहा, "हम हमास के साथ बहुत शांतिपूर्ण रहना चाहते हैं". "इसे कठोर लेकिन उचित तरीके से संभाला जाएगा."
इजरायली हमलों पर ट्रंप की असमंजस भरी प्रतिक्रिया
जब एक रिपोर्टर ने ट्रंप से पूछा कि क्या इजरायल को गाजा पर हमला करने का औचित्य है, तो ट्रंप असहज नजर आए. उन्होंने कहा, "कहां हमला?" जब रिपोर्टर ने कहा कि इजरायल ने गाजा पर आज सारी रात हमले किे तो ट्रंप ने कहा, "मुझे आपको इस बारे में वापस जवाब देना होगा."
Reporter: Do you feel that Israel was justified with striking when it did?
— Clash Report (@clashreport) October 20, 2025
Trump: Striking where?
Reporter: In Gaza today and overnight.
Trump: I’d have to get back to you on that. I’d have to get back. pic.twitter.com/K4uDfkPXRr
हमलों में 45 लोगों की मौत
गाजा की सिविल डिफेंस एजेंसी के अनुसार, इजरायल के हमलों में 45 लोग मारे गए, जिसकी पुष्टि चार स्थानीय अस्पतालों ने की. वहीं इजरायली सेना ने नागरिक हताहतों की रिपोर्टों की जांच करने और युद्धविराम के "किसी भी उल्लंघन" पर दृढ़ प्रतिक्रिया देने की बात कही.
10 अक्टूबर को हुआ था युद्धविराम
बता दें कि गाजा और इजरायल के बीच डोनाल्ड ट्रंप की मध्यस्थता के कारण 10 अक्टूबर को युद्धविराम हुआ था. इसी के साथ दो वर्षों से अधिक समय से चला आ रहा यह विनाशकारी संघर्ष खत्म हो गया. युद्धविराम के साथ ही इजरायल और हमास दोनों ओर से बंधकों की अदला-बदली शुरू हो चुकी है.