दुबई में जाकर केरल के शख्स की खुली किस्मत, एक झटके में हाथ में आए 8.5 करोड़, खुद भी नहीं हुआ भरोसा
Dubai Duty Free Millennium Millionaire: अजमान के निवासी और आईटी सपोर्ट विशेषज्ञ वेणुगोपाल मुल्लचेरी 15 वर्षों से अधिक समय से ड्रॉ में अपनी किस्मत आजमा रहे थे और आखिरकार उन्हें सफलता मिल ही गई. उनकी मेहनत और धैर्य का फल मिला.
Dubai Duty Free Millennium Millionaire: केरल के रहने वाले 52 वर्षीय वेणुगोपाल मुल्लचेरी ने दुबई ड्यूटी फ्री के मिलेनियम मिलियनेयर ड्रॉ में 1 मिलियन डॉलर (8.5 करोड़ रुपये) जीते. वे पिछले 15 वर्षों से इस ड्रॉ में किस्मत आजमा रहे थे. वे एक आईटी सपोर्ट विशेषज्ञ के तौर पर UAE के अजमान में कार्यरत हैं.
खलीज टाइम्स से बातचीत में वेणुगोपाल ने कहा, 'ये जीत मेरे लिए किसी वरदान से कम नहीं. यह न सिर्फ मेरे संघर्षों का अंत है, बल्कि एक नई शुरुआत भी है जो आशा और खुशियों से भरी होगी.' उन्होंने बताया कि हाल ही में भारत यात्रा के बाद लौटते समय 23 अप्रैल को दुबई एयरपोर्ट से उन्होंने यह विजेता टिकट खरीदा था.
धोखे और कर्ज से जूझते रहे, अब मिली राहत
वेणुगोपाल ने साझा किया कि वह पिछले कुछ समय से भारी कर्ज में डूबे हुए थे, जिसे एक करीबी व्यक्ति के धोखे ने और बढ़ा दिया. 'मैंने हाल ही में एक घर बनवाया था और आर्थिक तनाव बहुत बढ़ गया था. जिस व्यक्ति पर मैंने भरोसा किया, उसी ने मुझे धोखा दिया. ऐसे में यह जैकपॉट मेरे लिए सच्चा मसीहा बनकर आया है,' उन्होंने कहा.
नया व्यापार शुरू करने की योजना
दो बच्चों के पिता वेणुगोपाल का कहना है कि वह सबसे पहले अपने सभी कर्ज चुकाएंगे और परिवार के साथ छुट्टियां मनाएंगे. 'मैंने अभी पूरी योजना नहीं बनाई है, लेकिन एक लंबा ब्रेक लेकर परिवार के साथ समय बिताना ज़रूरी है. फिर मैं दुबई लौटकर एक व्यापार शुरू करना चाहता हूं और अपनी फैमिली को भी यहां बुलाना चाहता हूं. UAE मेरे दिल के बहुत करीब है, मैं कहीं और रहने की कल्पना भी नहीं कर सकता,' वे बोले.
सोशल मीडिया पर वायरल
वेणुगोपाल की यह प्रेरणादायक कहानी अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है. भारत और खाड़ी देशों में लोगों को उनके संघर्ष और जीत से उम्मीद और हौसला मिल रहा है.