अमेरिका और ईरान के बीच पहली शांति वार्ता फेल हो चुकी है. हालांकि इसके बाद भी दोनों देशों के बीच लगातार बातचीत जारी है. डोनाल्ड ट्रंप थोड़े-थोड़े समय पर अलग-अलग दावे कर रहे हैं. हालांकि दावों पर ईरान सहमत नहीं है. इसी बीच ईरान ने ट्रंप की टिप्पणियों का खुलकर मजाक बनाया है.
ट्रंप ने शुक्रवार को दावा किया था कि अमेरिका और ईरान के बीच मुफ्त तेल और मुफ्त होर्मुज को लेकर एक डील लगभग तय हो चुकी है. उनकी इस टिप्पणी पर ईरानी मीडिया ने तीखा पलटवार किया है.
ईरान के सरकारी ब्रॉडकास्टर इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान ब्रॉडकास्टिंग ने ट्रंप का 15 सेकंड का वीडियो शेयर किया. इस वीडियो के नीचे उन्होंने कैप्शन में प्रसिद्ध फारसी कहावत लिखा. IRIB ने ट्रंप पर तंज कसते हुए लिखा कि हवा में महल बनाना! जिसका मतलब साफ है ईरान ने ट्रंप के दावों को मानने से पूरी तरह इनकार कर दिया है. ट्रंप ने लास वेगास रवाना होने से पहले व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बातचीत में कहा था कि अमेरिका और ईरान के बीच मध्य-पूर्व में 28 फरवरी को शुरू हुए युद्ध को खत्म करने के लिए बहुत सफल बातचीत चल रही है.
उन्होंने दावा किया कि ईरान अमेरिका को मुफ्त तेल और होर्मुज की सुरक्षित पहुंच देने के लिए तैयार है. ट्रंप ने आगे कहा कि हमें बहुत जल्द जीत मिलने वाली है. उन्होंने ईरान की नौसेना की स्थिति पर भी तंज कसा था. उन्होंने दावा किया था कि ईरान के पास अब कोई नौसेना नहीं बची है और उसके 158 जहाज समुद्र की तलहटी में पड़े हैं. अब ईरान ने उनकी टिप्पणियों का मजाक बनाया है.
Building castles in the air!
— IRIB (Islamic Republic of Iran Broadcasting) (@iribnews_irib) April 16, 2026
Or in Persian we have a similar proverb:
'The camel dreams of cottonseed; sometimes gulping it down, sometimes eating it grain by grain!'
شتر در خواب بیند پنبهدانه
گهی لپلپ خورد گه دانه دانه pic.twitter.com/HA15h1aQVU
डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को अपनी नई टिप्पणी में यह भी दावा किया था कि ईरान अपना संवर्धित यूरेनियम अमेरिका को सौंपने पर सहमत हो गया है. लेकिन ईरान ने इस बात को भी सिरे से खारिज कर दिया है. अमेरिका लगातार दोहरा रहा है कि ईरान को परमाणु हथियार विकसित करने की कभी अनुमति नहीं दी जा सकती. वहीं ईरान इसे अपने देश का मामला बता रहा है. इस युद्ध के पूरे विश्व में ऊर्जा आपूर्ति की किल्लत है. स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के प्रभावित होने के कारण दुनिया भर में तेल सप्लाई चेन प्रभावित हुआ है.