पश्चिम बंगाल के अगले मुख्यमंत्री के तौर पर सुवेंदु अधिकारी के नाम पर मुहर लग गई है. शुक्रवार को हुई बीजेपी विधायक दल की बैठक में सुवेंदु अधिकारी को विधायक दल का नेता चुन लिया गया. केंद्रीय पर्यवेक्षक के तौर पर गृह मंत्री अमित शाह ने सुवेंदु के नाम की घोषणा की. बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने उनके नाम का प्रस्ताव रखा था जिसका दिलीप घोष समेत कई विधायकों ने समर्थन दिया. हालांकि भाजपा की तरफ से अभी इसका औपचारिक ऐलान होना बाकी है. सुवेंदु अधिकारी, यह वही नाम है जिसने हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में भवानीपुर सीट से राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को बड़े अंतर से हराया था.
माना जा रहा है कि पश्चिम बंगाल को दो डिप्टी सीएम भी मिल सकते हैं, जिनमें से एक महिला डिप्टी सीएम हो सकता है. बता दें कि पिछले दो दशक से बंगाल का कोई डिप्टी सीएम नहीं रहा है. दिवंगत सीपीएम नेता बुद्धदेव भट्टाचार्य ज्योति बसु सरकार में इस पद पर रहने वाले अंतिम व्यक्ति थे.