T20 World Cup 2026

अस्मत से खिलवाड़, अपहरण के आरोप... वो मजबूरी जिसकी वजह से परदेश से लौटेंगे प्रज्वल

Prajwal Revanna Return To India: कर्नाटक की हासन लोकसभा सीट से NDA के उम्मीदवार प्रज्वल रेवन्ना 31 मई को म्यूनिख से बेंगलुरु लौट सकते हैं. मीडिया रिपोर्ट्स में इसका दावा किया गया है.

Social Media
India Daily Live

Prajwal Revanna Return To India: महिलाओं, लड़कियों की अस्मत से खिलवाड़ और अपहरण के आरोपी हासन सांसद प्रज्वल रेवन्ना एक दिन बाद यानी 31 मई को म्यूनिख से बेंगलुरु लौट सकते हैं. प्रज्वल के कर्नाटक लौटने के पीछे कई वजहें बताई जा रही हैं. कहा जा रहा है कि पूर्व प्रधानमंत्री और दादा एचडी देवेगौड़ा की चेतावनी और सांसदी जाने की डर की वजह से प्रज्वल भारत लौट रहे हैं. हालांकि इसमें कितनी सच्चाई है, यो ते प्रज्वल ही जानें. एक दिन पहले ही उन्होंने एक वीडियो जारी कर कहा था कि वे 31 मई को भारत लौटेंगे. 

प्रज्वल ने वीडियो में कहा था कि मेरे राजनीतिक करियर को खत्म करने की साजिश रची गई है, इसलिए मैं खुद भारत आकर एसआईटी के सामने जाऊंगा और जांच में सहयोग करूंगा. उन्होंने कहा कि मैं डिप्रेशन में हूं, मेरे खिलाफ जो आरोप लगाए गए हैं, वे बेबुनियाद हैं.मुझे कोर्ट पर भरोसा है. 33 साल के प्रज्वल के खिलाफ इंटरपोल ने ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी किया है. इसके अलावा, कर्नाटक सरकार की ओर से विदेश मंत्रालय को उनके पासपोर्ट को रद्द करने के लिए चिट्ठी भी लिखी गई है.

मीडिया रिपोर्ट्स में क्या दावा?

सेक्स टेप मामले में जनता दल सेक्यूलर से जांच पूरी होने तक सस्पेंड किए गए सेक्स स्कैंडल के आरोपी 31 मई को जर्मनी के म्यूनिख से बेंगलुरु के लिए रवाना होंगे. पीटीआई ने आधिकारिक सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि प्रज्वल के 31 मई की सुबह बेंगलुरु पहुंचने की उम्मीद है. सूत्रों ने बताया कि मामले की जांच कर रहे विशेष जांच दल (एसआईटी) कर्नाटक के केम्पेगौड़ा एयरपोर्ट पर निगरानी बनाए हुए हैं. अगर 31 मई को प्रज्वल रेवन्ना बेंगलुरु पहुंचते हैं, तो यहां आने के तुरंत बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

हासन लोकसभा सीट से एनडीए उम्मीदवार प्रज्वल अप्रैल में देश छोड़कर चले गए थे, क्योंकि कर्नाटक में उनके कथित तौर पर कई महिलाओं का यौन शोषण करने वाले वीडियो क्लिप वायरल होने लगे थे. हासन में दूसरे चरण में 26 अप्रैल को मतदान हुआ था. 

दादा देवेगौड़ा ने भी जारी की थी चेतावनी

प्रज्वल रेवन्ना के दादा और भारत के पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा ने 23 मई को चेतावनी जारी कर भारत लौटने का आदेश दिया था. देवेगौड़ा ने प्रज्वल को भारत आने जांच में सहयोग करने का आदेश दिया था. उन्होंने कहा था कि ये मेरी चेतावनी है, अगर प्रज्वल ऐसा नहीं करेंगे तो उन्हें मेरे गुस्से का सामना करना होगा. उधर, सेक्स स्कैंडल मामले में जांच टीम ने कार्रवाई करते हुए दो और लोगों को गिरफ्तार किया है. SIT ने 34 साल के नवीन गौड़ा और 32 साल के चेतन कुमार बी सी को उस वक्त दबोचा, जब वे अग्रिम जमानत याचिकाओं की सुनवाई के बाद कर्नाटक हाई कोर्ट से निकल रहे थे. 

क्या है प्रज्वल रेवन्ना से जुड़ा कर्नाटक स्कैंडल केस?

हासन सांसद प्रज्वल रेवन्ना के घर काम करने वाली एक महिला की ओर से उत्पीड़न की शिकायत दर्ज कराई गई थी. इससे पहले 26 अप्रैल को कर्नाटक में कई जगहों पर अश्लील क्लिप वाले पेन ड्राइव बांटे गए थे. दावा किया गया था कि वीडियो क्लिप में प्रज्वल रेवन्ना महिलाओं का यौन उत्पीड़न करते दिख रहे हैं. ये भी दावा किया गया कि पेन ड्राइव में 3 से 5 हजार वीडियो हैं. मामले के सामने आने के बाद कर्नाटक सरकार ने जांच के लिए एसआईटी का गठन किया, जो मामले की जांच में जुटी हुई है. एसआईटी ने हासन सांसद प्रज्वल रेवन्ना के खिलाफ रेप, छेड़छाड़, ब्लैकमेलिंग और धमकी के आरोपों समेत तीन FIR दर्ज की है. दावा किया गया है कि प्रज्वल ने 50 से ज्यादा महिलाओं का यौन उत्पीड़न किया.