US Israel Iran War

चेन्नई एयरपोर्ट पर हड़कंप, विमान रुकने से पहले ही इमरजेंसी गेट खोलकर रनवे पर कूदा यात्री

शारजाह से चेन्नई आई एयर अरबिया की उड़ान में आज सुबह एक बड़ी सुरक्षा चूक हुई. विमान के पार्किंग बे तक पहुंचने से पहले ही एक यात्री इमरजेंसी गेट खोलकर रनवे पर कूद गया. हालांकि सुरक्षाकर्मियों ने उसे तुरंत काबू में ले लिया.

Social Media
Kanhaiya Kumar Jha

नई दिल्ली: चेन्नई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आज तड़के एक ऐसी घटना घटी जिसने सुरक्षा अधिकारियों और परिचालन टीम के होश उड़ा दिए. शारजाह से चेन्नई पहुंची एयर अरबिया की एक उड़ान में सवार यात्री ने विमान के पूरी तरह रुकने का इंतजार तक नहीं किया और बीच रास्ते में ही आपातकालीन निकास द्वार खोलकर बाहर छलांग लगा दी. 

यह पूरी घटना तब हुई जब विमान रनवे पर लैंडिंग के बाद टैक्सी करते हुए अपने निर्धारित पार्किंग बे की ओर बढ़ रहा था. शारजाह से आने वाली एयर अरबिया की इस यात्री उड़ान ने चेन्नई में लैंडिंग पूरी की थी और सब कुछ सुचारू लग रहा था. प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार, जैसे ही विमान पार्किंग स्टैंड के करीब पहुंचने वाला था, अचानक एक यात्री ने सुरक्षा नियमों को ताक पर रखकर इमरजेंसी गेट खोल दिया. इससे पहले कि विमान का चालक दल उसे रोकता, वह रनवे पर कूद चुका था.

सुरक्षाकर्मियों की मुस्तैदी और रेस्क्यू 

इस अप्रत्याशित घटना को देखते ही एयरपोर्ट पर तैनात सुरक्षाकर्मी तुरंत हरकत में आ गए. यात्री ने रनवे पर कूदने के बाद वहां से भागने की कोशिश भी की, लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसका पीछा किया और कुछ ही दूरी पर उसे दबोच लिया. छलांग लगाने की वजह से यात्री को कुछ मामूली खरोंचें और चोटें आई हैं. हवाई अड्डा प्रशासन ने उसे मौके पर ही प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराई है.

गहन पूछताछ और जांच का दौर 

पकड़े गए यात्री को फिलहाल हवाई अड्डे के भीतर ही एक सुरक्षित स्थान पर रखा गया है. चेन्नई पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी एक अलग कमरे में उससे गहन पूछताछ कर रहे हैं. जांच एजेंसियां अब इस गुत्थी को सुलझाने में जुटी हैं कि यात्री ने इतना खतरनाक कदम क्यों उठाया. क्या उसका उद्देश्य किसी संदिग्ध या अवैध गतिविधि को अंजाम देना था, या फिर वह किसी गंभीर मानसिक तनाव का शिकार था, इसकी बारीकी से जांच की जा रही है.