अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर अब भारत के नागरिक पर भी होने लगा है. ईरान ने UAE के पोर्ट पर हमला किया, जिसमें तीन भारतीय नागरिक घायल हो गए. इस घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तीखी प्रतिक्रिया आई है. उन्होंने अपने देश के नागरिकों पर हुए हमले पर प्रतिक्रिया देते हुए साफ कहा है कि इस तरह के हमले स्वीकार नहीं किए जाएंगे.
पीएम मोदी ने सोशल मीडिाय पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि मैं इस हमले की निंदा करता हूं, जिसके कारण हमारे देश के नागिरक घायल हो गए. उन्होंने साफ कहा कि किसी भी हाल में नागरिकों को निशाना बनाना स्वीकार नहीं किया जाएगा. उन्होंने कहा कि इस हमले में भारत पूरी तरह से यूएई के साथ खड़ा है.
प्रधानमंत्री ने देश की ओर से संदेश देते हुए कहा कि भारत हमेशा से किसी भी मुद्दो को शांतिपूर्ण तरीके से निपटारा करने के पक्ष में रहा है. उन्होंने कहा कि निर्दोष नागरिकों पर हमला करना सही नहीं है. उन्होंने क्षेत्र में भी शांति बनाए रखने की अपील की है. इसके अलावा स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में बढ़ रहे तनाव पर भी रिएक्शन दिया है. उन्होंने कहा कि इस रास्ते पर जहाजों की सुरक्षित आवाजाही जरुरी है. इससे ना केवल व्यापार बल्कि क्षेत्रीय शांति के लिहाज से भी महत्वपूर्ण बताया. उन्होंने कहा कि इस जलमार्ग का वैश्विक तेल आपूर्ति में महत्वपूर्ण स्थान है, इसलिए इसकी सुरक्षा न केवल क्षेत्रीय बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी चिंता का विषय है.
UAE में भारतीय दूतावास ने स्थानीय प्रशासन के साथ निरंतर संपर्क बना रखा है. दूतावास का प्रयास है कि प्रभावित भारतीय नागरिकों को उचित चिकित्सा सुविधा और हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए. घायलों के स्वास्थ्य की लगातार निगरानी की जा रही है. विदेश मंत्रालय ने भी घटना पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है. मंत्रालय ने कहा कि नागरिकों तथा बुनियादी ढांचे पर किसी भी प्रकार का हमला अस्वीकार्य है. साथ ही, सभी पक्षों से अपील की गई है कि शांतिपूर्ण तरीके से संघर्ष खत्म किया जाए. विदेश मंत्रालय ने दोहराया कि निर्दोष नागरिकों को कभी भी क्षेत्रीय तनाव का शिकार नहीं बनना चाहिए. भारत स्थिति पर करीबी नजर रखे हुए है और UAE सरकार के साथ समन्वय में काम कर रहा है.