menu-icon
India Daily

International Yoga Day 2026: कोलकाता से पीएम मोदी का संदेश, 50 की उम्र में 30 से ज्यादा ऊर्जावान बनने का दिया मंत्र

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोलकाता के रेड रोड से देश और दुनिया को योग का संदेश दिया. उन्होंने कहा कि योग उम्र को नहीं बल्कि क्षमता को बढ़ाने का माध्यम है. पीएम मोदी ने लोगों से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की.

babli
Edited By: Babli Rautela
International Yoga Day 2026: कोलकाता से पीएम मोदी का संदेश, 50 की उम्र में 30 से ज्यादा ऊर्जावान बनने का दिया मंत्र
Courtesy: Social Media

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोलकाता के ऐतिहासिक रेड रोड से देश और दुनिया को योग का संदेश दिया. अपने संबोधन में उन्होंने योग को केवल शारीरिक व्यायाम नहीं बल्कि बेहतर जीवन, मानसिक संतुलन और स्वस्थ वृद्धावस्था का आधार बताया. प्रधानमंत्री ने कहा कि 21 जून, जो पृथ्वी पर सबसे लंबे दिनों में से एक माना जाता है, आज योग के कारण दुनिया का सबसे बड़ा सामुदायिक उत्सव बन चुका है. उन्होंने कहा कि योग लोगों को जोड़ने का माध्यम है और यह पूरी मानवता को एक सूत्र में बांधने का काम करता है.

50 की उम्र में 30 से ज्यादा ऊर्जावान बनने का मंत्र

अपने संबोधन में पीएम मोदी ने एक नया लक्ष्य निर्धारित करने की बात कही. उन्होंने कहा कि लोगों का प्रयास होना चाहिए कि वे 40 वर्ष की उम्र में 20 वर्ष की उम्र से अधिक लचीले हों. इसी तरह 50 वर्ष की उम्र में 30 वर्ष की तुलना में अधिक ऊर्जावान और 70 वर्ष की उम्र में 50 वर्ष की तुलना में जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों के प्रति अधिक प्रतिरोधी बनें. प्रधानमंत्री ने कहा कि योग शरीर को लचीला बनाने के साथ साथ ऊर्जा का स्तर बढ़ाता है. यह तनाव को कम करता है और मानसिक शांति प्रदान करता है. साथ ही यह कई जीवनशैली संबंधी बीमारियों से बचाव में भी मददगार साबित होता है.

हर उम्र के लोगों के लिए जरूरी है योग

उन्होंने यह भी कहा कि योग किसी विशेष आयु वर्ग तक सीमित नहीं है. बच्चे, युवा, वयस्क और बुजुर्ग सभी इसके लाभ प्राप्त कर सकते हैं. नियमित योग अभ्यास व्यक्ति को अपने शरीर और मन को बेहतर तरीके से समझने का अवसर देता है. कोलकाता की धरती का उल्लेख करते हुए पीएम मोदी ने रामकृष्ण परमहंस, स्वामी विवेकानंद और लाहिड़ी महाशय जैसी महान विभूतियों को याद किया. उन्होंने कहा कि योग और आध्यात्मिकता की समृद्ध परंपरा वाली इस भूमि पर सामूहिक योग का अनुभव विशेष महत्व रखता है.

अपने संबोधन के अंत में प्रधानमंत्री ने लोगों से अपील की कि योग को केवल योग दिवस तक सीमित न रखें. इसे रोजाना की जीवनशैली का हिस्सा बनाएं. उनका मानना है कि स्वस्थ, ऊर्जावान और खुशहाल भविष्य के निर्माण में योग की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है.