menu-icon
India Daily

देश में कहीं लू तो कहीं आंधी-बारिश का कहर, इन राज्यों में अलर्ट जारी; जानें क्या है वेदर अपडेट

देश में एक तरफ भीषण गर्मी और लू का असर है, तो दूसरी तरफ 12 राज्यों में आंधी, बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है. IMD ने लोगों को सावधानी बरतने और मौसम अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी है.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
देश में कहीं लू तो कहीं आंधी-बारिश का कहर, इन राज्यों में अलर्ट जारी; जानें क्या है वेदर अपडेट
Courtesy: Pinterest

नई दिल्ली: जहां एक तरफ उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली और राजस्थान जैसे राज्य भीषण गर्मी से जूझ रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ IMD ने पूर्वोत्तर भारत के 12 राज्यों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. इस दौरान हवाओं के 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने की उम्मीद है.

IMD ने 25 से 28 अप्रैल के बीच पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार में तेज़ हवाओं के साथ आंधी-तूफान की संभावना जताई है. 26 अप्रैल को झारखंड में ओलावृष्टि की भी संभावना है. इसी बीच पूर्वोत्तर भारत के कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. इस हफ्ते असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और अन्य पूर्वोत्तर राज्यों में व्यापक बारिश का अनुमान है. कुछ जगहों पर भारी बारिश और भीषण तूफान भी आ सकते हैं.

मौसम विभाग ने क्या दी है चेतावनी?

मौसम विभाग ने दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों में अगले 3-4 दिनों तक भीषण गर्मी और लू की स्थिति को लेकर चेतावनी जारी की है. विशेष रूप से उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के मैदानी इलाकों में तापमान 40 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच सकता है. कुछ क्षेत्रों में गर्म रातें भी दर्ज की जा रही हैं, जिससे निवासियों को काफ़ी परेशानी हो सकती है.

दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम?

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली भीषण गर्मी की चपेट में है. 25 से 27 अप्रैल तक लू की स्थिति के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. 27 अप्रैल को मौसम में बदलाव की उम्मीद है, जिससे हल्की बारिश और आंधी-तूफान आ सकते हैं. 

UP में कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक भीषण गर्मी और लू की स्थिति बनी रहने की संभावना है. IMD ने पश्चिमी और पूर्वी UP के लिए लू का अलर्ट जारी किया है, जो 24 अप्रैल से 27 अप्रैल तक प्रभावी रहेगा. हालांकि, 28 अप्रैल से 30 अप्रैल के बीच गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है.

बिहार में मौसम कैसा रहेगा?

बिहार में अगले चार दिनों में मौसम के दो अलग-अलग पैटर्न देखने को मिल सकते हैं. 24 और 25 अप्रैल को लू का असर महसूस किया जाएगा, जबकि 26 और 27 अप्रैल के लिए तेज हवाओं के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. इसका असर पटना, गया, भागलपुर, मुज़फ्फरपुर और दरभंगा में देखा जा सकता है.

उत्तराखंड में कैसा रहेगा मौसम?

उत्तराखंड में हाल के दिनों में मौसम शुष्क बना हुआ है. जहां मैदानी इलाकों में गर्मी परेशान करने लगी है, वहीं पहाड़ी इलाकों में मौसम अभी भी सुहावना बना हुआ है. IMD ने 24 अप्रैल से 30 अप्रैल के बीच राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है. ऊंचाई वाले इलाकों में गरज-चमक और तेज हवाएं भी चल सकती हैं.