menu-icon
India Daily

श्रेया घोषाल के कॉन्सर्ट में मचा हंगामा, भीड़ बेकाबू, धक्का-मुक्की के बीच कई दर्शक हुए बेहोश

मशहूर सिंगर श्रेया घोषाल के कॉन्सर्ट में धक्का-मुक्की के बीच कई दर्शक बेहोश हो गए. इतना ही नहीं कॉन्सर्ट में भीड़ बेकाबू हो गई और काफी हंगामा मच गया.

antima
Edited By: Antima Pal
श्रेया घोषाल के कॉन्सर्ट में मचा हंगामा, भीड़ बेकाबू, धक्का-मुक्की के बीच कई दर्शक हुए बेहोश
Courtesy: pinterest

ओडिशा के कटक में गुरुवार शाम को बॉलीवुड की मशहूर प्लेबैक सिंगर श्रेया घोषाल का लाइव परफॉर्मेंस एक यादगार शाम से ज्यादा हंगामे का सबब बन गया. ऐतिहासिक बाली यात्रा उत्सव के समापन दिवस पर हजारों फैंस स्टेज की ओर बढ़े, जिससे भगदड़ जैसे हालात बन गए. धक्का-मुक्की में दो लोग बेहोश हो गए, जिनमें एक युवती भी शामिल थी. एक व्यक्ति को मामूली चोटें आईं, जबकि दूसरे को सांस लेने में तकलीफ हुई. 

पुलिस ने हल्की लाठीचार्ज कर भीड़ को काबू में किया और शो को कुछ देर के लिए रोक दिया. बाली यात्रा ग्राउंड पर शाम करीब 7 बजे श्रेया जब स्टेज पर आईं, तो उत्साह चरम पर पहुंच गया. उनके हिट गानों जैसे 'बारिश' और 'देवी' की धुन पर फैंस दीवाने हो गए. लेकिन भीड़ इतनी ज्यादा हो गई कि लोग एक-दूसरे पर चढ़ने लगे. आंखों देखा बताते हुए एक दर्शक ने कहा, 'कोई जगह खाली नहीं थी, सांस लेना मुश्किल हो गया.' आयोजकों ने तुरंत परफॉर्मेंस रोका.

श्रेया घोषाल के कॉन्सर्ट में मचा हंगामा

श्रेया ने खुद माइक पर कहा, 'सभी की सुरक्षा पहले, सब नॉर्मल होने दो.' उनके इस जिम्मेदार रुख की फैंस ने खूब तारीफ की. पुलिस कमिश्नर एस देव दत्ता सिंह ने बताया, 'कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ, भीड़ ज्यादा थी, लेकिन हमने फर्स्ट एड और एम्बुलेंस की व्यवस्था की.' बेहोश लोगों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें स्टेबल बताया. डिस्ट्रिक्ट अथॉरिटीज के मुताबिक 150वें बाली यात्रा में रिकॉर्ड 5 लाख से ज्यादा लोग आए थे. श्रेया का शो फेस्टिवल का ग्रैंड फिनाले था, जो भुवनेश्वर से सीधे कटक पहुंचकर किया.

इस बीच कॉन्सर्ट से पहले उन्होंने ट्विटर पर अपने प्रशंसकों से बातचीत की. सिंगर ने पोस्ट किया था, 'आज एक शो के लिए कटक जा रही हूं, लेकिन दो दिन बाद जो होने वाला है, उसे लेकर भी उत्साहित हूं. चलो साउंडचेक तक कुछ समय बिताते हैं क्या बात है?' बता दें कि श्रेया के बहुत सारे प्रशंसक हैं और उनके प्रशंसक उन्हें लाइव परफॉर्म करते देखने के लिए बेसब्री से इंतजार करते हैं.