मुंबई: बॉलीवुड एक्ट्रेस श्रद्धा कपूर एक बार फिर अपने नए और चुनौतीपूर्ण किरदार को लेकर चर्चा में हैं. डायरेक्टर लक्ष्मण उटेकर की मोस्टअवेटेड फिल्म ईथा का पहला टीजर सिनेमाघरों में दिखाया गया, जिसने दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है. छावा जैसी ऐतिहासिक फिल्म के बाद लक्ष्मण उटेकर अब महाराष्ट्र की प्रसिद्ध तमाशा कलाकार विठाबाई नारायणगांवकर की प्रेरणादायक कहानी बड़े पर्दे पर लेकर आ रहे हैं.
ईथा के टीजर में श्रद्धा कपूर बिल्कुल अलग अंदाज में नजर आ रही हैं. वह विठाबाई नारायणगांवकर के किरदार में पूरी तरह ढली हुई दिखाई देती हैं. खास बात यह है कि टीजर का सबसे भावुक और प्रभावशाली हिस्सा उनकी गर्भवती अवस्था को दिखाता है, जहां वह मंच पर अपनी प्रस्तुति जारी रखती हैं. दर्शकों को श्रद्धा का यह रूप काफी पसंद आ रहा है. सोशल मीडिया पर भी उनके लुक और अभिनय को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं.
#ShraddhaKapoor's Upcoming film #Eetha, Teaser in theatre with cocktail 2 🔥 pic.twitter.com/OEfFQ0M2NU
— C FOR CINEMA (@cforcinemaaa) June 19, 2026
टीजर में दिखाया गया है कि मंच पर प्रदर्शन के दौरान विठाबाई को प्रसव पीड़ा शुरू हो जाती है. इसके बावजूद वह अपने कर्तव्य और कला के प्रति समर्पित रहती हैं. यह दृश्य उनके साहस, मेहनत और कला के प्रति समर्पण को दर्शाता है. फिल्म का उद्देश्य केवल एक कलाकार की कहानी दिखाना नहीं है, बल्कि उस संघर्ष को सामने लाना है जिसके दम पर उन्होंने लोक कला को नई पहचान दिलाई.
विठाबाई नारायणगांवकर महाराष्ट्र की सबसे प्रसिद्ध तमाशा कलाकारों में गिनी जाती हैं. उन्होंने लावणी और लोकनृत्य को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई थी. कलाकार परिवार में जन्मी विठाबाई ने बहुत कम उम्र से मंच पर प्रदर्शन शुरू कर दिया था. उन्हें तमाशा साम्राज्ञी के नाम से भी जाना जाता था. अपने लंबे करियर में उन्होंने कई प्रतिष्ठित सम्मान हासिल किए और लोक कला की पहचान को देशभर में मजबूत किया.
फिल्म ईथा 28 अगस्त 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी. फिलहाल इसका टीजर केवल सिनेमाघरों में दिखाया जा रहा है, लेकिन जल्द ही इसे डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी जारी किया जा सकता है. श्रद्धा कपूर के करियर की यह सबसे अलग और चुनौतीपूर्ण फिल्मों में से एक मानी जा रही है. ऐसे में फैंस को अब इसके ट्रेलर और रिलीज का बेसब्री से इंतजार है.