Raja Shivaji Collection: राजा शिवाजी पर हुई पैसों की बारिश, छह दिनों में 50 करोड़ क्लब के बेहद करीब पहुंची रितेश देशमुख की फिल्म
रितेश देशमुख की फिल्म राजा शिवाजी बॉक्स ऑफिस पर लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही है. अपनी रिलीज के छठे दिन फिल्म ने 4.25 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया और अब इसका कुल भारतीय नेट कलेक्शन 48.65 करोड़ रुपये पहुंच गया है.
मुंबई: रितेश देशमुख की फिल्म राजा शिवाजी बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है. रिलीज के पहले दिन से ही फिल्म को दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिल रहा है. खासतौर पर महाराष्ट्र में फिल्म ने एक अलग ही माहौल बना दिया है. फिल्म की ऐतिहासिक कहानी की वजह से दर्शक बड़ी संख्या में सिनेमाघरों तक पहुंच रहे हैं. फिल्म ने छठे दिन यानी बुधवार को भी अच्छी कमाई की है.
रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म ने 5 हजार से ज्यादा शोज के जरिए 4.25 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया. इसके साथ ही फिल्म का कुल भारतीय नेट कलेक्शन 48.65 करोड़ रुपये पहुंच गया है. वहीं भारतीय ग्रॉस कलेक्शन 57.70 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है.
राजा शिवाजी बॉक्स ऑफिस कलेक्शन डे 1
राजा शिवाजी ने 1 मई को शानदार ओपनिंग करते हुए 11.35 करोड़ रुपये कमाए थे. इसके बाद फिल्म ने वीकेंड पर अपनी पकड़ और मजबूत कर ली. शनिवार को फिल्म ने 10.55 करोड़ रुपये का कारोबार किया जबकि रविवार को कमाई बढ़कर 12 करोड़ रुपये तक पहुंच गई.
वीकेंड के बाद फिल्मों की कमाई में गिरावट आना सामान्य माना जाता है. लेकिन राजा शिवाजी ने वीकडेज में भी शानदार स्थिरता दिखाई. सोमवार को फिल्म ने 5.60 करोड़ रुपये कमाए जबकि मंगलवार को इसका कलेक्शन 4.90 करोड़ रुपये रहा. बुधवार को भी फिल्म ने 4.25 करोड़ रुपये का मजबूत कलेक्शन किया.
मराठी वर्जन बनी फिल्म की सबसे बड़ी ताकत
फिल्म की सफलता में सबसे बड़ा योगदान इसके मराठी वर्जन का माना जा रहा है. सिर्फ छठे दिन मराठी वर्जन ने अकेले 3 करोड़ रुपये की कमाई की है. वहीं हिंदी वर्जन से 1.25 करोड़ रुपये का कलेक्शन आया. महाराष्ट्र के दर्शकों ने फिल्म को दिल से अपनाया है. छत्रपति शिवाजी महाराज की कहानी और रितेश देशमुख की प्रस्तुति लोगों को काफी पसंद आ रही है. यही वजह है कि फिल्म को लगातार मजबूत वर्ड ऑफ माउथ मिल रहा है.
राजा शिवाजी छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन और उनके संघर्ष पर आधारित फिल्म है. इसमें युवा शिवाजी भोसले की कहानी दिखाई गई है जो बड़े साम्राज्यों के खिलाफ लड़ाई लड़ते हुए हिंदवी स्वराज्य का सपना पूरा करने निकलते हैं. फिल्म में रितेश देशमुख के अलावा जेनेलिया देशमुख, अभिषेक बच्चन, विद्या बालन, संजय दत्त, महेश मांजरेकर, अमोल गुप्ते, सचिन खेडेकर, भाग्यश्री और फरदीन खान अहम किरदारों में नजर आ रहे हैं. वहीं सलमान खान का खास कैमियो भी दर्शकों के लिए सरप्राइज बनकर सामने आया है.