मुंबई: सोशल मीडिया पर इन दिनों एक नया विवाद सुर्खियों में है. तान्या मित्तल और कुनिका सदानंद के बीच चल रही ऑनलाइन नोकझोंक अब एक बड़े पारिवारिक विवाद का रूप लेती नजर आ रही है. इस पूरे मामले में अब सिंगर कुमार सानू के बेटे जान कुमार सानू भी खुलकर सामने आ गए हैं. मामला तब और गरमा गया जब कुनिका सदानंद और उनके बेटे अयान लाल की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हुई. कुछ फैंस ने अयान और कुमार सानू के बीच समानता की बात कही. इसके बाद से कमेंट्स और मैसेज की बाढ़ आ गई.
जान कुमार सानू ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि तान्या मित्तल के कई फैंस उन्हें डायरेक्ट मैसेज कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि कुछ लोग उनके नाम का इस्तेमाल कर दूसरों को परेशान कर रहे हैं.
जान ने अपने पोस्ट में यह भी कहा कि इंडस्ट्री में जिसे मजाक समझा जाता है, उसे गंभीरता से नहीं लेना चाहिए. उन्होंने तान्या और फरहाना भट्ट के लिए सम्मान जताया, लेकिन इशारों ही इशारों में कुनिका पर निशाना साधते हुए कहा कि जो खुद मजाक बनी है उसे सीरियसली मत लो. बिग बॉस के एक पुराने सीजन में कुनिका सदानंद ने कुमार सानू के साथ अपने कथित अफेयर का जिक्र किया था. उसी बयान के बाद से यह मुद्दा समय समय पर चर्चा में आता रहा है.
जान ने पहले भी एक वायरल वीडियो में कुनिका और उनके बेटे को लेकर टिप्पणी की थी. उन्होंने कहा था कि उनकी मां ने ऐसी जिंदगी नहीं जी जिसे उन्हें बाद में समझाना पड़े. हालांकि उन्होंने यह भी इशारा किया कि वह अपने पिता के बारे में भी बहुत कुछ कह सकते हैं.
कुमार सानू और उनकी पहली पत्नी रीता भट्टाचार्य की शादी 1986 में हुई थी. दोनों 1994 में अलग हो गए. जान कुमार सानू ने कई इंटरव्यू में कहा है कि उनके अपने पिता के साथ रिश्ते अच्छे नहीं रहे. रिपोर्ट्स के मुताबिक उस दौर में कुमार सानू और कुनिका के बीच नजदीकियों की चर्चा भी हुई थी. हालांकि इन दावों को किसी तरह को कोई सबूत नहीं मिला है.
आज के दौर में सोशल मीडिया किसी भी बयान को मिनटों में वायरल कर देता है. इस विवाद में भी यही हुआ. एक तस्वीर और कुछ कमेंट्स ने पूरे मामले को तूल दे दिया. फैंस भी दो हिस्सों में बंटे नजर आ रहे हैं.