menu-icon
India Daily

बॉम्बे हाईकोर्ट ने आदित्य धर की मानहानि का मुकदमा किया बंद, संतोष कुमार ने माफी मांगी

मंगलवार को हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान संतोष कुमार की तरफ से वकील ने प्रेस मीटिंग में दिए गए बयानों के लिए माफी मांग ली. आदित्य धर की तरफ से सीनियर वकील ने कहा कि माफी स्वीकार है और अब वे मुकदमा आगे नहीं बढ़ाना चाहते.

antima
Edited By: Antima Pal
बॉम्बे हाईकोर्ट ने आदित्य धर की मानहानि का मुकदमा किया बंद, संतोष कुमार ने माफी मांगी
Courtesy: x

मुंबई: फिल्म 'धुरंधर' के निर्देशक आदित्य धर की मुश्किलें कम हो गई हैं. बॉम्बे हाईकोर्ट ने उनकी मानहानि का मुकदमा बंद कर दिया है. फिल्मकार संतोष कुमार ने अदालत में अपने बयानों के लिए माफी मांग ली, जिसके बाद आदित्य धर  ने मुकदमा आगे नहीं बढ़ाने का फैसला किया.

आदित्य धर की मानहानि का मुकदमा किया बंद

दरअसल मार्च 2026 में संतोष कुमार ने एक प्रेस मीटिंग में आरोप लगाया था कि आदित्य धर की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'धुरंधर' उनकी 2023 की स्क्रिप्ट 'डी-साहेब' की चोरी है. उन्होंने आदित्य को 'चोर' तक कह दिया था. इस पर आदित्य धर ने बॉम्बे हाईकोर्ट में मानहानि का केस दायर किया और कहा कि संतोष के आरोप उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा रहे हैं.

मंगलवार को हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान संतोष कुमार की तरफ से वकील ने प्रेस मीटिंग (30 मार्च 2026) में दिए गए बयानों के लिए माफी मांग ली. आदित्य धर की तरफ से सीनियर वकील ने कहा कि माफी स्वीकार है और अब वे मुकदमा आगे नहीं बढ़ाना चाहते. जस्टिस अरिफ डॉक्टर की सिंगल बेंच ने मुकदमे को डिस्पोज कर दिया. हालांकि कोर्ट ने साफ कहा कि संतोष कुमार अगर अपनी स्क्रिप्ट को लेकर कोई कानूनी दावा करना चाहते हैं तो वे अलग से कार्रवाई कर सकते हैं. इस फैसले का उनके उस क्लेम पर कोई असर नहीं पड़ेगा.

धुरंधर की जबरदस्त सफलता

फिल्म 'धुरंधर' 5 दिसंबर 2025 को रिलीज हुई थी. रणवीर सिंह की फिल्म ने भारत में 1000 करोड़ और दुनिया भर में 1300 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर ली. फिल्म में रणवीर सिंह ने पाकिस्तान के ल्यारी में घुसकर बालोच गैंग में घुसपैठ करने वाले भारतीय जासूस का रोल किया था. अक्षय खन्ना ने रहमान डकैत का किरदार निभाया. फिल्म की सफलता के बाद इसका सीक्वल 'धुरंधर: द रिवेंज' 19 मार्च 2026 को रिलीज हुआ. सीक्वल ने अब तक वर्ल्डवाइड 1788 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है. दोनों फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रखा है.

मामला क्या था?

संतोष कुमार का आरोप था कि आदित्य धर ने उनकी स्क्रिप्ट चुराकर फिल्म बना ली. आदित्य धर ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कानूनी रास्ता अपनाया. अब माफी के बाद विवाद शांत हो गया है, हालांकि स्क्रिप्ट विवाद अभी भी आगे बढ़ सकता है. इस फैसले के साथ आदित्य धर अब पूरी तरह से अपनी नई फिल्मों पर फोकस कर पाएंगे. रणवीर सिंह के साथ उनकी यह जोड़ी दर्शकों को खूब पसंद आई है.