menu-icon
India Daily

UP बोर्ड रिजल्ट 2026: डिजीलॉकर पर एक क्लिक में मिलेगी 10वीं-12वीं की डिजिटल मार्कशीट

उत्तर प्रदेश बोर्ड आज 23 अप्रैल 2026 को शाम को कक्षा 10वीं और 12वीं का रिजल्ट घोषित करने जा रहा है. छात्र अब डिजीलॉकर ऐप या वेबसाइट पर आसानी से अपनी डिजिटल मार्कशीट देख और डाउनलोड कर सकेंगे.

reepu
Edited By: Reepu Kumari
UP बोर्ड रिजल्ट 2026: डिजीलॉकर पर एक क्लिक में मिलेगी 10वीं-12वीं की डिजिटल मार्कशीट
Courtesy: ANI and x

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के लाखों छात्र-छात्राओं के लिए आज का दिन बेहद खास है. यूपीएमएसपी 23 अप्रैल 2026 को कक्षा 10 और 12 का परिणाम घोषित कर रहा है. ऐसे में छात्र सोच रहे हैं कि वो अपना रिजल्ट कैसे आसानी से चेक कर पाएंगे. आप अपना रिजल्ट यहां बताए गए तरीकों से भी अपना रिजल्ट चेक कर पाएंगे. 

परीक्षा पास करने वाले छात्र अब डिजीलॉकर पर अपनी मूल मार्कशीट डाउनलोड कर सकते हैं, जो आगे कॉलेज एडमिशन या नौकरी के लिए काम आएगी.

डिजीलॉकर के बारे में 

डिजीलॉकर भारत सरकार की विश्वसनीय डिजिटल सेवा है, जहां मार्कशीट हमेशा सुरक्षित रहती है. छात्रों को अब भारी-भरकम कागजात इधर-उधर करने की जरूरत नहीं पड़ेगी. बस कुछ आसान स्टेप्स से रिजल्ट हाथ में आ जाएगा. 

डिजीलॉकर पर रिजल्ट कैसे देखें

डिजीलॉकर की आधिकारिक वेबसाइट digilocker.gov.in पर जाएं या मोबाइल ऐप खोलें. अपने मोबाइल नंबर या आधार से लॉग इन करें. होमपेज पर 'उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा बोर्ड' या UPMSP सर्च करें. फिर 10वीं या 12वीं का विकल्प चुनकर रोल नंबर डालें. मार्कशीट स्क्रीन पर आ जाएगी.

मार्कशीट में क्या-क्या होगा

डिजिटल मार्कशीट में छात्र का पूरा नाम, माता-पिता का नाम, स्कूल का नाम, रोल नंबर, विषयवार प्राप्तांक, कुल अंक, उत्तीर्ण स्थिति और डिवीजन साफ-साफ लिखा होगा. इसे डाउनलोड करके भविष्य में कभी भी इस्तेमाल किया जा सकता है. यह कॉपी पूरी तरह वैध मानी जाती है.

अगर लिंक तुरंत न दिखे तो

रिजल्ट घोषणा के तुरंत बाद कभी-कभी सभी छात्रों की मार्कशीट एक साथ अपलोड नहीं होती. घबराएं नहीं, कुछ देर इंतजार करें और दोबारा लॉगिन करें. सर्च बॉक्स में UPMSP या यूपी बोर्ड लिखकर भी मार्कशीट आसानी से मिल जाएगी.

डिजीलॉकर का फायदा

डिजीलॉकर पर दस्तावेज हमेशा सुरक्षित रहते हैं और कहीं भी, कभी भी एक्सेस किए जा सकते हैं. मार्कशीट खोने का डर खत्म हो जाता है. छात्र इसे आगे पढ़ाई, एडमिशन या सरकारी कामों में बिना किसी परेशानी के इस्तेमाल कर सकेंगे.

जरूरी टिप्स छात्रों के लिए

मार्कशीट डाउनलोड करने के बाद सभी डिटेल्स अच्छे से जांच लें. अगर कोई गलती दिखे तो तुरंत बोर्ड कार्यालय से संपर्क करें. डिजीलॉकर अकाउंट को मजबूत पासवर्ड से सुरक्षित रखें ताकि कोई अनधिकृत व्यक्ति एक्सेस न कर सके.