चेन्नई: तमिलनाडु में सरकार गठन का रास्ता अभी भी साफ नहीं है. हालांकि TVK सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है लेकिन साधारण बहुमत से 10 सीटों की कमी सरकार बनाने की उसकी कोशिश में सबसे बड़ी बाधा बनी हुई है. स्पष्ट बहुमत हासिल न कर पाना और अब तक अन्य पार्टियों से स्पष्ट समर्थन न मिलना प्रशासन के गठन को रोक रहा है.
थलापति विजय का संभावित शपथ ग्रहण समारोह, जो शनिवार के लिए निर्धारित था, रद्द कर दिया गया है. इस बीच राज्य में सरकार गठन को लेकर बनी गतिरोध के कारण विजय के समर्थकों में बढ़ती नाराजगी साफ दिखाई दे रही है. शनिवार को खबरें आईं कि एक समर्थक ने खुद को आग लगा ली. गंभीर रूप से जलने के बाद उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया.
दरअसल तमिलनाडु में सरकार गठन में हो रही लगातार देरी के बीच, TVK प्रमुख सी. जोसेफ विजय के एक समर्थक ने कथित तौर पर खुद को आग लगा ली. इस व्यक्ति की पहचान इसक्कियप्पन के रूप में हुई है. जिसकी उम्र लगभग 40 वर्ष है. वह गंभीर रूप से जल गया है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है. बताया जा रहा है कि विजय के मुख्यमंत्री पद संभालने में हो रही देरी से वह बहुत परेशान और भावनात्मक रूप से दुखी था.
सूत्रों के अनुसार चार महीने पहले इसक्कियप्पन ने ऐसा ही एक और काम किया था. विजय के मुख्यमंत्री बनने की प्रार्थना करते हुए उसने अपने चेहरे को 16 फुट लंबे 'वेल' (भाले) से छेदा था.
तमिलनाडु में सरकार गठन को लेकर बढ़ते तनाव के बीच तमिलिसाई सौंदरराजन ने TVK प्रमुख थलापति विजय से शांति बनाए रखने की अपील की है. तमिलिसाई ने कहा कि तमिलनाडु में हर व्यक्ति नई सरकार के गठन से भावनात्मक रूप से जुड़ा हुआ है और लोग यह भी चाहते हैं कि बनने वाला प्रशासन स्थिर हो. उन्होंने कहा कि जनता के जनादेश का सम्मान किया जा रहा है और इसी वजह से सरकार बनाने के लिए कई अवसर दिए जा रहे हैं.
हालांकि चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि कई पार्टी कार्यकर्ता मौजूदा राजनीतिक स्थिति पर भावनात्मक रूप से प्रतिक्रिया दे रहे हैं, जिसे उन्होंने एक चिंताजनक घटना बताया. उन्होंने बताया कि VCK कार्यालय के बाहर एक युवक पर ब्लेड से हमला किया गया, जबकि वलियूर में एक अन्य व्यक्ति ने आत्मदाह का प्रयास किया और उसकी हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है.