menu-icon
India Daily

Video: नयागढ़ के जंगल में दिखा दुर्लभ 'ब्लैक पैंथर', मुंह में दबाया था शावक

ओडिशा के जंगलों में ब्लैक पैंथर नजर आया है, जो अपने मुंह में एक शावक को दबाया हुआ है. एक्स पर वीडियो आने के बाद वायरल हो गया है.

Kamal Kumar Mishra
Video: नयागढ़ के जंगल में दिखा दुर्लभ 'ब्लैक पैंथर', मुंह में दबाया था शावक
Courtesy: x

Black Panther: ओडिशा के नयागढ़ जिले के एक जंगल में हाल ही में एक दुर्लभ मेलेनिस्टिक तेंदुआ शावक के साथ देखा गया है, जिससे वन्यजीव प्रेमियों और संरक्षणकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई है. यह तेंदुआ अपनी अनोखी काली त्वचा के कारण 'ब्लैक पैंथर' के नाम से प्रसिद्ध है. यह दुर्लभ दृश्य कैमरा ट्रैप की मदद से कैद किया गया, जो जंगल में लगाए गए थे.

प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) प्रेम कुमार झा ने इस घटना की जानकारी देते हुए एक एक्स पोस्ट में कहा कि यह दृश्य मध्य ओडिशा की अद्वितीय जैव विविधता को दर्शाता है. उन्होंने बताया कि मेलेनिस्टिक तेंदुए पारिस्थितिकी तंत्र के लिए महत्वपूर्ण होते हैं, क्योंकि उनका संरक्षण पूरे वन्यजीव विरासत को सुरक्षित रखने में मदद करता है. झा ने सोशल मीडिया पर तेंदुए का एक वीडियो और तस्वीर भी साझा की, जो इस दुर्लभ जानवर की सुंदरता और महत्व को उजागर करती हैं.

दुर्लभ तेंदुआ का वीडियो वायरल

सूत्रों के अनुसार, राज्य के अखिल ओडिशा तेंदुआ अनुमान-2024 से यह जानकारी प्राप्त हुई है कि ओडिशा के तीन वन प्रभागों में इन दुर्लभ तेंदुओं की मौजूदगी पाई जा रही है. इस घटना से वन्यजीव संरक्षण को लेकर जागरूकता बढ़ी है और यह संदेश भी दिया गया है कि वन्यजीवों का संरक्षण पारिस्थितिकी तंत्र के संतुलन को बनाए रखने के लिए आवश्यक है.

नयागढ़ में बढ़ रही जैव विविधता

यह घटना को ओडिशा के जंगलों में जैव विविधता और संरक्षण के प्रयासों के लिए एक सकारात्मक संकेत के रूप में देखा जा रहा है. एक्स पर वीडियो आने के बाद जमकर लोग इसपर चर्चा कर रहे हैं. 
 

सम्बंधित खबर