menu-icon
India Daily

ट्रोलर्स को मिला करारा जवाब, विदेशियों ने भारत को ट्रोल करने वालों को दिखाया आईना, बताई भारत की सच्चाई

सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में विदेशी कपल ने भारत को लेकर फैली नकारात्मक धारणाओं को गलत बताया. दिल्ली, जयपुर, उदयपुर और गोवा की यात्रा के बाद उन्होंने 8 सकारात्मक बातें गिनाईं. यूजर्स ने भी वीडियो पर जमकर रिएक्ट किया है.

babli
Edited By: Babli Rautela
ट्रोलर्स को मिला करारा जवाब, विदेशियों ने भारत को ट्रोल करने वालों को दिखाया आईना, बताई भारत की सच्चाई
Courtesy: Instagram

नई दिल्ली: सोशल मीडिया पर अक्सर भारत को लेकर कई तरह की नकारात्मक बातें वायरल होती रहती हैं. कभी गंदगी को लेकर, तो कभी सुरक्षा को लेकर. लेकिन इस बार एक विदेशी कपल ने इन रूढ़ियों को खुलकर चुनौती दी है. दिल्ली, औरंगाबाद, जयपुर, उदयपुर और गोवा की यात्रा कर रहे इयास्मीन और टॉम ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर दिखने वाली हर बात सच नहीं होती.

यह वीडियो इंस्टाग्राम हैंडल sassytrips से शेयर किया गया है. वीडियो में कपल ने भारत आने की योजना बना रहे लोगों से अपील की कि वे इंटरनेट पर दिखने वाले हर निगेटिव कंटेंट पर आंख बंद कर भरोसा न करें. उन्होंने भारत के बारे में फैली कई आम धारणाओं को एक एक कर खारिज किया और आठ सकारात्मक प्वाइंट्स गिनाए.

भारत को ट्रोल करने पर जवाब

विदेशियों ने माना कि भारत एक विशाल और विविध देश है. उन्होंने कहा कि यह तेजी से विकास कर रहा है. दिल्ली जैसे बड़े शहरों में कई साफ सुथरे और सुव्यवस्थित इलाके देखने को मिलते हैं. उनका कहना था कि कुछ हिस्सों को देखकर पूरे देश को जज करना गलत है.

अकेली महिला यात्रियों के लिए भारत को असुरक्षित बताने वाली धारणा पर इयास्मीन ने कहा कि हर देश की तरह यहां भी सावधानी जरूरी है. लेकिन भारत बेहद परिवर्तनकारी अनुभव देने वाला देश है. उनके मुताबिक ज्यादातर लोग सिर्फ बातचीत करना चाहते हैं और मेहमाननवाजी यहां की खासियत है.

गरीबी और पहचान का सवाल

कपल ने कहा कि गरीबी केवल भारत की पहचान नहीं है. दुनिया के कई देशों में बेघर और जरूरतमंद लोग मिलते हैं. इसे पूरे देश की छवि बना देना सही नहीं है. उन्होंने कहा कि भारत में कोई भी पैरों से खाना नहीं बनाता. यहां का स्ट्रीट फूड स्वादिष्ट और साफ सुथरा है. ट्रेनों के बारे में उन्होंने बताया कि उच्च श्रेणी का टिकट बुक करने पर यात्रा बेहद आरामदायक हो सकती है. कुछ मामलों में यह होटल से भी बेहतर अनुभव दे सकती है.

कपल ने इस बात पर भी जोर दिया कि भारत में सिर्फ एक भाषा नहीं बोली जाती. यहां 22 आधिकारिक भाषाएं और सैकड़ों बोलियां हैं. उत्तर और दक्षिण भारत की संस्कृति और भाषा में बड़ा अंतर है. उन्होंने कहा कि भारत की यही विविधता इसे खास बनाती है.

सोशल मीडिया यूजर्स का रिएक्शन

वीडियो पर कई भारतीय यूजर्स ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी. कुछ ने लिखा कि भारत परिपूर्ण नहीं है, लेकिन इसे जितना बुरा दिखाया जाता है, उतना भी नहीं है. कई लोगों ने कहा कि सोशल मीडिया पर एडिटेड और एआई जनरेटेड वीडियो के जरिए गलत छवि बनाई जाती है. वहीं कुछ यूजर्स ने भारतीय रेलवे और सांस्कृतिक विविधता की भी तारीफ की. इस वीडियो ने एक बार फिर यह दिखा दिया कि अनुभव और जमीनी सच्चाई कई बार इंटरनेट की धारणाओं से बिल्कुल अलग होती है.