चीन से सामने आया एक अनोखा मामला इन दिनों सोशल मीडिया और कानूनी हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है. एक युवक ने अपनी पूर्व मंगेतर से डेटिंग के दौरान किए गए खर्च का हिसाब कोर्ट में पेश कर दिया.
कपड़ों से लेकर रोजमर्रा की जरूरतों तक की सूची देखकर अदालत भी चौंक गई. यह मामला सिर्फ पैसों का नहीं, बल्कि रिश्तों, परंपराओं और सीमाओं को लेकर एक बड़ी बहस खड़ी करता है.
चीन के हेइलोंगजियांग प्रांत के रहने वाले एक युवक, जिसका उपनाम हे बताया गया है, ने अपनी पूर्व मंगेतर वांग के खिलाफ कोर्ट का दरवाजा खटखटाया. हे का दावा था कि रिश्ते के दौरान उसने वांग पर बड़ी रकम खर्च की थी, जिसे अब वापस किया जाना चाहिए. दोनों की मुलाकात एक मैचमेकर के जरिए हुई थी और कुछ समय बाद उनकी सगाई भी हो गई थी.
हे ने अदालत से मांग की कि वांग उसके परिवार द्वारा दिया गया 20,000 युआन का शुरुआती दुल्हन मूल्य लौटाए. इसके अलावा उसने 30,000 युआन की अतिरिक्त रकम की मांग भी की, जो उसके अनुसार डेटिंग के दौरान वांग पर खर्च हुई थी. चीन में शादी तय होने पर दूल्हे का परिवार दुल्हन के परिवार को यह राशि परंपरागत रूप से देता है.
मामले को और चौंकाने वाला बनाते हुए हे ने कोर्ट में उन चीजों की पूरी सूची पेश की, जो उसने वांग के लिए खरीदी थीं. इसमें काले टाइट्स, अंडरवियर और अन्य निजी सामान तक शामिल थे. इस पर वांग ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि क्या इन चीजों का उपयोग सिर्फ उसी ने किया था. उसने हे को जरूरत से ज्यादा हिसाब-किताब करने वाला बताया.
कोर्ट ने साफ कहा कि डेटिंग के दौरान किया गया खर्च उपहार की श्रेणी में आता है और उसे वापस नहीं मांगा जा सकता. इसलिए वांग को 30,000 युआन लौटाने की जरूरत नहीं है. हालांकि, अदालत ने यह भी माना कि दुल्हन मूल्य चूंकि शादी से जुड़ी परंपरा है और विवाह नहीं हुआ, इसलिए उसका आधा हिस्सा लौटाया जाना चाहिए. इस फैसले पर दोनों पक्ष सहमत दिखे.
यह मामला सामने आते ही चीनी सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई. कई यूजर्स ने हे की सोच पर सवाल उठाए. किसी ने लिखा कि उसे पत्नी नहीं, नौकरानी चाहिए थी. वहीं, कुछ लोगों ने वांग को ऐसे व्यक्ति से छुटकारा मिलने पर बधाई दी. एक यूजर ने तंज कसते हुए कहा कि अगर वह इतना हिसाब रखता है, तो उसे रिश्ते में वेतन भी तय कर लेना चाहिए था.