नई दिल्ली: दिल्ली की बेटियों के लिए खुशखबरी है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 'दिल्ली लखपति बिटिया योजना' को हरी झंडी दे दी है. यह पुरानी लाडली योजना को नए रूप में पेश करती है, जिसमें आर्थिक मदद बढ़ाई गई है. मुख्यमंत्री ने कहा कि इसका मकसद बेटियों की पढ़ाई में कोई रुकावट न आए और वे आत्मनिर्भर बनें. जन्म से लेकर उच्च शिक्षा तक हर महत्वपूर्ण पड़ाव पर सरकार साथ देगी. यह फैसला उन परिवारों के लिए राहत है जहां आर्थिक तंगी के कारण बेटियों की पढ़ाई छूट जाती है.
अब 56 हजार रुपये की सहायता विभिन्न किस्तों में मिलेगी और ब्याज जोड़कर राशि 1 लाख से पार हो जाएगी. ग्रेजुएशन पर स्पेशल बोनस भी है. सरकार का मानना है कि इससे स्कूल-कॉलेज में बेटियों की संख्या बढ़ेगी और समाज में उनकी स्थिति मजबूत होगी.
2008 में शुरू हुई लाडली योजना अब 'दिल्ली लखपति बिटिया योजना' बन गई है. पहले 36 हजार रुपये मिलते थे, अब इसे बढ़ाकर 56 हजार किया गया है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि महंगाई और बदलती जरूरतों को देखते हुए यह अपग्रेड किया गया. योजना दिल्ली में रहने वाली बेटियों के लिए है, जिनके परिवार की आय सीमित है. अप्रैल 2026 से यह पूरी तरह लागू हो जाएगी.
योजना में बेटी के जन्म से लेकर ग्रेजुएशन तक अलग-अलग स्टेज पर पैसे जमा किए जाएंगे. कुल 56 हजार रुपये की राशि विभिन्न किस्तों में आएगी. ब्याज मिलने से मैच्योरिटी पर यह 1 लाख रुपये से ज्यादा हो जाएगी. खास बात, ग्रेजुएशन पूरा होने पर 20 हजार रुपये अतिरिक्त दिए जाएंगे, ताकि आगे की पढ़ाई या नौकरी की शुरुआत आसान हो. सब कुछ डिजिटल होगा, आधार लिंक्ड बैंक अकाउंट में पैसे ट्रांसफर होंगे.
एक परिवार की अधिकतम दो बेटियों को लाभ मिलेगा. परिवार दिल्ली में कम से कम तीन साल से रह रहा हो और आय सीमा के अंदर हो. सरकार ने इस योजना पर 160 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है. इससे हजारों बेटियां लाभान्वित होंगी. मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सिर्फ पैसे की मदद नहीं, बल्कि बेटियों में आत्मविश्वास जगाने का प्रयास है.
योजना का मुख्य उद्देश्य है कि आर्थिक वजह से कोई बेटी पढ़ाई छोड़े नहीं. ग्रेजुएशन तक सपोर्ट मिलने से कॉलेजों में उनकी संख्या बढ़ेगी. रेखा गुप्ता ने भरोसा दिलाया कि सरकार बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और उज्ज्वल भविष्य के लिए ऐसे कदम उठाती रहेगी. यह योजना बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ की भावना को और मजबूत करेगी.
दिल्ली लखपति बिटिया योजना बेटियों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने का बड़ा कदम है. पुरानी योजना के अनक्लेम्ड अकाउंट्स को भी ठीक किया जा रहा है. इससे परिवार बेटियों की शिक्षा को प्राथमिकता देंगे. मुख्यमंत्री का मानना है कि सशक्त बेटियां ही मजबूत समाज और देश बनाती हैं. अप्रैल से शुरू होने वाली यह योजना दिल्ली की लाखों बेटियों के सपनों को पंख देगी.