menu-icon
India Daily

पति से संबंध सुधारने के लिए कराया तंत्र-मंत्र..., फिर जेवर और नगदी लेकर तांत्रिक के साथ ही फरार हो गई पत्नी

इंदौर के बाणगंगा इलाके से लापता हुई एक महिला को पुलिस ने भोपाल से बरामद कर लिया है. वह अपने साथ गहने और कैश लेकर एक तांत्रिक के साथ गई थी. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
पति से संबंध सुधारने के लिए कराया तंत्र-मंत्र..., फिर जेवर और नगदी लेकर तांत्रिक के साथ ही फरार हो गई पत्नी
Courtesy: Grok AI

इंदौर: मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां बाणगंगा थाना इलाके में रहने वाली एक महिला अपने घर से सोने-चांदी के गहने और कैश लेकर अचानक गायब हो गई. उसके अचानक गायब होने से उसके परिवार में हड़कंप मच गया, जिसके बाद उन्होंने पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई. पुलिस जांच में पता चला कि महिला एक तांत्रिक के साथ भाग गई थी, जो बाद में भोपाल में मिला.

मामले की जानकारी देते हुए ACP रुबीना मिजबानी ने बताया कि महिला के लापता होने के बाद पुलिस ने गंभीरता से जांच शुरू की. सबसे पहले महिला के पति और परिवार के अन्य सदस्यों के बयान दर्ज किए गए. जांच के दौरान पता चला कि पति और परिवार के बयानों में कई अंतर थे. इसके बाद पुलिस ने टेक्निकल सबूतों के आधार पर महिला की लोकेशन का पता लगाया.

टेक्निकल जांच में क्या आया सामने?

टेक्निकल जांच में महिला की आखिरी लोकेशन भोपाल मिली, जिसके बाद इंदौर पुलिस की एक टीम भोपाल गई और उसे सुरक्षित बरामद कर लिया. उसके पास से कुछ सोने और चांदी के गहने भी बरामद हुए हैं. फिलहाल, महिला को पूछताछ के लिए इंदौर लाया जा रहा है.

पूछताछ में महिला ने क्या बताया?

पुलिस पूछताछ में महिला ने बताया कि वह काफी समय से अपने पति से परेशान थी. इस दौरान उसकी मुलाकात राकेश जाटव नाम के एक युवक से हुई, जो तांत्रिक क्रियाएं और पूजा-पाठ करता था. 

महिला ने बताया कि राकेश द्वारा घरेलू समस्याओं को लेकर किए जाने वाले अनुष्ठानों के दौरान उनकी आपस में बातचीत होने लगी और धीरे-धीरे वे करीब आ गए. घरेलू तनाव से परेशान होकर महिला ने राकेश के साथ जाने का फैसला किया.

जांच में क्या आया सामने?

पुलिस सूत्रों के मुताबिक महिला के साथ भागने वाला युवक राकेश जाटव तांत्रिक क्रिया के नाम पर लोगों को बहला-फुसलाकर ले जाता था. जांच में यह भी देखा जा रहा है कि क्या महिला को बहला-फुसलाकर ले जाया गया था. पुलिस अभी हर एंगल से पूरे मामले की जांच कर रही है. महिला का बयान दर्ज किया जा रहा है और बरामद ज्वेलरी और कैश के बारे में भी पूछताछ की जा रही है.