West Bengal Assembly Election 2026 Assembly Election 2026

आठवें वेतन आयोग का इंतजार: केंद्रीय कर्मचारियों की होगी बल्ले-बल्ले! कब से लागू होगा नया पे-स्केल?

केंद्र सरकार के 50 लाख कर्मचारियों और 65 लाख पेंशनरों के लिए 8वें वेतन आयोग से बड़ी राहत की उम्मीद है. न्यूनतम बेसिक सैलरी 18,000 रुपये से बढ़कर 51,480 रुपये तक जाने के अनुमान हैं.

Pinterest
Reepu Kumari

नई दिल्ली: महंगाई के दबाव के बीच केंद्र सरकार के कर्मचारियों और पेंशनरों के लिए एक अहम खबर सामने आई है. 8वें वेतन आयोग के गठन के साथ ही सैलरी और पेंशन में संभावित बढ़ोतरी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं. सरकार की ओर से जारी संकेतों ने कर्मचारियों के बीच उम्मीद बढ़ा दी है. नया वेतन ढांचा न सिर्फ मासिक आय को प्रभावित करेगा, बल्कि रिटायरमेंट के बाद मिलने वाले लाभों में भी बदलाव ला सकता है.

बेसिक सैलरी में बढ़ोतरी 

केंद्र सरकार के कर्मचारियों के बीच सबसे ज्यादा चर्चा न्यूनतम बेसिक सैलरी को लेकर है. मौजूदा 18,000 रुपये की बेसिक पे में बड़ा इजाफा होने की संभावना जताई जा रही है. अनुमान है कि यह बढ़कर 51,480 रुपये तक पहुंच सकती है. हालांकि यह बढ़ोतरी सभी कर्मचारियों के लिए समान नहीं होगी, क्योंकि पे-मैट्रिक्स के अलग-अलग स्तरों के आधार पर ही वेतन तय किया जाएगा.

क्या इन-हैंड सैलरी पर भी पड़ेगा असर?

नई वेतन संरचना केवल बेसिक पे तक सीमित नहीं रहेगी. इसमें भत्तों की व्यवस्था को भी नए सिरे से तय किया जा सकता है. महंगाई भत्ता यानी डीए का स्तर इसमें अहम भूमिका निभाएगा. साथ ही फिटमेंट फैक्टर में संभावित बदलाव से कर्मचारियों की कुल सैलरी में उल्लेखनीय बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है, जिससे इन-हैंड सैलरी पर सीधा असर पड़ेगा.

पेंशनर्स के लिए कितना फायदेमंद?

इस बदलाव का फायदा केवल नौकरी कर रहे कर्मचारियों तक सीमित नहीं रहेगा. पेंशनर्स को भी इसका लाभ मिलने की उम्मीद है. नई सिफारिशों के लागू होने पर पेंशन और ग्रेच्युटी की राशि में भी बढ़ोतरी हो सकती है. इससे रिटायर हो चुके लाखों लोगों की आर्थिक स्थिति में सुधार आने की संभावना है.

आयोग की अंतिम रिपोर्ट का इंतजार

आयोग की अंतिम रिपोर्ट 2027 के मध्य तक आने की उम्मीद है. पिछले वेतन आयोगों के अनुभव को देखें, तो गठन से लेकर लागू होने तक दो से तीन साल का समय लगना सामान्य माना जाता है. ऐसे में कर्मचारियों को वास्तविक बढ़ोतरी का लाभ 2026 के अंत या 2027 तक मिलने की संभावना जताई जा रही है.

इस बार आयोग के गठन में अनुभवी टीम को जिम्मेदारी दी गई है. पूर्व सुप्रीम कोर्ट जस्टिस रंजना प्रकाश देसाई इसकी अध्यक्ष हैं. उनके साथ आर्थिक विशेषज्ञ और प्रशासनिक अधिकारी भी शामिल हैं, जो नए वेतन ढांचे को संतुलित और व्यावहारिक बनाने पर काम कर रहे हैं.

आयोग केवल कागजी प्रक्रिया तक सीमित नहीं है, बल्कि विभिन्न कर्मचारी संगठनों और पेंशनर्स से लगातार बातचीत कर रहा है. मार्च और अप्रैल 2026 में कई बैठकों के जरिए सभी पक्षों की राय ली गई है, ताकि अंतिम सिफारिशें कर्मचारियों की जरूरतों के अनुरूप तैयार की जा सकें.