राहुल गांधी से शादी करने वाली हैं कंगनाा रनौत? शादी की खबरों पर मंडी की सांसद का आया रिएक्शन
कंगना रनौत और राहुल गांधी को लेकर सोशल मीडिया पर एक अजीब अफवाह तेजी से वायरल हो रही है. दावा किया गया कि कंगना ने राहुल गांधी से शादी करने की बात कही है. अब खुद कंगना ने सामने आकर इस खबर पर चुप्पी तोड़ी है.
मुंबई: सोशल मीडिया पर आए दिन कुछ न कुछ वायरल होता रहता है. इस बीच हाल ही में इंटरनेट पर एक पोस्ट ने अचानक सबका ध्यान खींच लिया है. एक मीम पेज ने दावा किया कि कंगना रनौत ने कहा है कि अगर राहुल गांधी बीजेपी में शामिल होते हैं तो वह उनसे शादी कर लेंगी. यह पोस्ट देखते ही देखते वायरल हो गई. कई लोगों ने इसे सच मान लिया, तो कुछ ने इसे मजाक समझा. लेकिन बिना किसी पक्के सबूत के यह बात इंटरनेट पर फैलती चली गई.
जैसे ही यह पोस्ट वायरल हुई, सोशल मीडिया पर बहस शुरू हो गई. कुछ यूजर्स ने इस खबर का मजाक उड़ाया, जबकि कई लोगों ने इसे गलत और भ्रामक बताया. कुछ लोगों ने साफ कहा कि यह पूरी तरह फेक है और किसी का इमेज खराब करने की कोशिश है. वहीं कुछ यूजर्स ने इसे राजनीति और मनोरंजन के मिश्रण के रूप में देखा.
कंगना रनौत ने तोड़ी चुप्पी
4 मई को कंगना रनौत ने खुद सामने आकर इस मामले पर अपनी बात रखी. उन्होंने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर उस पोस्ट को शेयर किया और साफ कहा कि यह खबर पूरी तरह झूठी है. उन्होंने कड़े शब्दों में इन खबरों पर रिएक्ट करते हुए कहा कि इस तरह की बातें बेहद घटिया हैं और ऐसी अफवाहें फैलाने वालों को शर्म आनी चाहिए. उनका कहना था कि राजनीति में भी महिलाओं के प्रति सम्मान की कमी साफ दिखाई देती है और इस तरह की खबरें उसी सोच को दिखाती हैं.
महिलाओं के सम्मान का उठाया मुद्दा
कंगना ने सिर्फ अफवाह को खारिज नहीं किया बल्कि एक बड़ा मुद्दा भी उठाया. उन्होंने कहा कि महिलाओं को अक्सर इस तरह के गलत और अपमानजनक नैरेटिव में घसीटा जाता है. उनके अनुसार, किसी भी महिला के बारे में ऐसी झूठी बातें फैलाना सिर्फ उसकी छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश है. यह बयान इसलिए भी जरूरी है क्योंकि यह सिर्फ एक अफवाह का जवाब नहीं बल्कि समाज की सोच पर भी सवाल उठाता है.
इस पूरे मामले में अब तक कोई भी ऐसा इंटरव्यू या बयान सामने नहीं आया है जो इस दावे की पुष्टि करता हो. यानी यह साफ है कि यह सिर्फ एक मनगढ़ंत कहानी थी जिसे वायरल कर दिया गया. इससे यह भी साबित होता है कि सोशल मीडिया पर दिखने वाली हर चीज सच नहीं होती.