menu-icon
India Daily

‘पिछले 6-8 वर्षों से एलन मस्क ने नहीं ली सैलरी…’ भाई किम्बल ने किया चौंकाने वाला खुलासा

Elon Musk Salary: क्या आप जानते हैं कि एलन मस्क ने पिछले 8 सालों से सैलरी नहीं ली है? अगर नहीं, तो उनके भाई किम्बल मस्क ने इस बारे में इस बारे में क्या कहा है, चलिए जानते हैं.

Shilpa Shrivastava
‘पिछले 6-8 वर्षों से एलन मस्क ने नहीं ली सैलरी…’ भाई किम्बल ने किया चौंकाने वाला खुलासा

Elon Musk Salary: अगर हम आपसे कहें कि टेस्ला के सीईओ एलन मस्क ने पिछले 8 सालों से सैलरी नहीं ली है, तो क्या आप हमारी बात पर यकीन करेंगे? शायद नहीं, लेकिन इस बात की जानकारी खुद उनके भाई किम्बल मस्क ने दी है. एलन मस्क की सैलरी को लेकर चल रही बहस में अब उनके छोटे भाई भी कूद गए हैं. उन्होंने कहा है कि मस्क ने वर्षों से कंपनी से कोई सैलरी नहीं ली है और उन्हें अपने काम के लिए सैलरी मिलनी चाहिए. 

बता दें कि यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब टेस्ला कंपनी, मस्क की सैलरी को लेकर कार्यवाही और शेयरधारकों की चिंताओं का सामना कर रही है. एक इंटरव्यू के दौरान किम्बल मस्क ने कहा, "मुझे लगता है कि मेरे भाई को सैलरी मिलनी चाहिए. पिछले छह से आठ वर्षों से उन्हें कोई सैलरी नहीं मिली है. मुझे नहीं लगता कि यह सही है. मैं टेस्ला के शेयरधारकों को यह फैसला लेने दूंगा, लेकिन मेरा मानना ​​है कि ऐसा होना जरूरी है. उन्हें सैलरी मिलना चाहिए."

ऐसे होती है एलन मस्क की कमाई: 

एलन मस्क पिछले काफी समय से ज्यादातर कॉर्पोरेट नेताओं से अलग नजरिया लेकर चलते हैं. वो सैलरी या सालाना बोनस के बजाय, टेस्ला में उनकी कमाई परफॉर्मेंस टारगेट से जुड़ी होती है. उन्हें बड़े स्टॉक ऑप्शन्स तभी दिए जाते हैं, जब टेस्ला रेवन्यू या मार्केट वैल्यू में निश्चित टारगेट हासिल कर लेती है. इस स्ट्रक्चर ने उन्हें दुनिया के सबसे अमीर लोगों में से एक तो बनाया है. 

इस महीने की शुरुआत में, टेस्ला के बोर्ड ने मस्क के लिए 9.6 करोड़ शेयरों वाले एक अंतरिम पैकेज को मंजूरी दी थी. इन शेयरों की कीमत करीब 29 अरब डॉलर लगाई गई थी. हालांकि, मस्क को इन शेयरों का लाभ दो साल में ही मिल पाएगा. इसके लिए उन्हें चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर बने रहना होगा या फिर कंपनी में कोई और अहम भूमिका निभानी होगी. बता दें कि यह फैसला बोर्ड की एक स्पेशल कमिटी ने लिया. जबकि एलन और किम्बल मस्क दोनों ने इस प्रक्रिया से खुद को अलग कर लिया.