उत्तराखंड में मौसम का बड़ा उलटफेर, 4-5 मई को भारी बारिश का खतरा; IMD ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट
उत्तराखंड में मौसम ने अचानक करवट ले ली है. कई पहाड़ी जिलों में आज बारिश और तेज हवाओं का असर दिख सकता है. मौसम विभाग ने आने वाले 2 दिनों के लिए पहाड़ो में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.
उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर बदलने जा रहा है. जहां एक तरफ गर्मी से राहत मिल रही है वहीं दूसरी ओर बारिश और तेज हवाएं परेशानी भी बढ़ा सकती हैं. मौसम विभाग ने साफ संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में मौसम और भी ज्यादा बिगड़ सकता है. ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
India Meteorological Department के मुताबिक आज यानी 3 मई को उत्तराखंड के कई पहाड़ी जिलों में बारिश हो सकती है. इसके साथ ही कुछ इलाकों में बिजली चमकने की भी संभावना जताई गई है. मौसम में इस बदलाव का असर खास तौर पर पर्वतीय क्षेत्रों में देखने को मिलेगा जहां दिनभर बादल छाए रह सकते हैं और तापमान में गिरावट महसूस की जा सकती है.
ऊंचाई वाले इलाकों में हो सकती है बर्फबारी
मौसम विज्ञान केंद्र ने जानकारी दी है कि 4000 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है. इससे ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड और बढ़ सकती है. खासकर चारधाम यात्रा वाले क्षेत्रों में जाने वाले श्रद्धालुओं को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
इन जिलों में जारी हुआ येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. इन क्षेत्रों में बारिश के साथ बिजली गिरने और मौसम खराब रहने की चेतावनी दी गई है. लोगों को खुले स्थानों से दूर रहने और सुरक्षित जगहों पर रहने की सलाह दी गई है. राज्य के सभी जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है. तेज हवाओं के साथ बिजली चमकने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने भी सतर्कता बढ़ा दी है.
4 और 5 मई के लिए ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने 4 और 5 मई को देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत और उधम सिंह नगर जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इन दिनों भारी बारिश और मौसम के ज्यादा खराब रहने की आशंका है. लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी गई है. लगातार हो रही बारिश से जहां पहाड़ी इलाकों में ठंड बढ़ गई है वहीं मैदानी क्षेत्रों में भी गर्मी से राहत मिली है. देहरादून में हाल ही में तेज हवाओं के साथ हुई बारिश से तापमान में गिरावट आई और मौसम सुहावना हो गया.
और पढ़ें
- Raja Shivaji vs Ek Din Day 2: बॉक्स ऑफिस पर साई पल्लवी से भिड़े रितेश देशमुख, राजा शिवाजी ने मचाया धमाल; ढेर हुई 'एक दिन'
- NEET UG 2026 Exam Today: नीट यूजी परीक्षा आज, ड्रेस कोड से रिपोर्टिंग तक; रट लें NTA के सख्त गाइडलाइंस
- जबलपुर हादसे के बाद वाराणसी में सख्ती! लाइफ जैकेट के बिना सवारी पर रोक, 32 नावें सीज