menu-icon
India Daily

गोरखपुर में सरसों के खेत में मिले दो भाइयों के शव, गला रेतकर की गई हत्या

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के सहजनवा थाना क्षेत्र के भक्सा गांव में शुक्रवार को सरसों के एक खेत से दो नाबालिग लड़कों के शव बरामद किए गए.

garima
Edited By: Garima Singh
गोरखपुर में सरसों के खेत में मिले दो भाइयों के शव, गला रेतकर की गई हत्या
Courtesy: x

गोरखपुर, 24 जनवरी: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के सहजनवा थाना क्षेत्र के भक्सा गांव में शुक्रवार को सरसों के एक खेत से दो नाबालिग लड़कों के शव बरामद किए गए.

मृतकों की पहचान प्रिंस (12) और अभिषेक (14) के रूप में हुई, जो आपस में ममेरे भाई थे. दोनों लड़के गुरुवार शाम से लापता थे.

घटना का पूरा विवरण

पुलिस के मुताबिक, प्रिंस और अभिषेक को आखिरी बार गुरुवार शाम करीब पांच बजे गांव में खेलते हुए देखा गया था. जब दोनों देर रात तक घर नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की. शुक्रवार सुबह, भक्सा गांव के एक सरसों के खेत में उनके शव नग्न अवस्था में पाए गए. पुलिस को मौके पर यह भी देखने को मिला कि दोनों के हाथ-पैर बंधे हुए थे, गर्दन पर रेते जाने के गहरे निशान थे, और मुंह में कपड़ा ठूंसा गया था.

मृतक के परिवार का बयान और पुलिस की कार्रवाई

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव ग्रोवर ने जानकारी दी कि प्रिंस गोरखपुर के नवापार गांव का रहने वाला था और वह भक्सा गांव में अपने मामा इंद्रेश के घर आया हुआ था.

गुरुवार रात दोनों लड़कों के लापता होने की शिकायत सहजनवा थाने में दर्ज कराई गई थी. शुक्रवार को जब शव बरामद हुए, तो पुलिस ने इलाके को घेरकर साक्ष्य जुटाने का काम शुरू किया.

पुलिस जांच और संभावित पहलू

पुलिस का कहना है कि घटना की गहनता से जांच की जा रही है। वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, यह मामला हत्या का हो सकता है, और घटना के पीछे किसी पुरानी दुश्मनी या अन्य वजहों की जांच की जा रही है. एसएसपी ग्रोवर ने कहा, 'साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं, और घटना की हर संभावित एंगल से पड़ताल की जा रही है,' 

गांव में दहशत का माहौल

इस घटना से गांव में डर और गुस्से का माहौल बन गया है. परिजन और ग्रामीण न्याय की मांग कर रहे हैं. वहीं, पुलिस की फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से कई अहम सुराग जुटाए हैं, जिनकी मदद से आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है.

(इस खबर को इंडिया डेली लाइव की टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की हुई है)