menu-icon
India Daily

कानपुर लैंबॉर्गिनी मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, आरोपी शिवम मिश्रा को किया गिरफ्तार

कानपुर के ग्वालटोली वीआईपी रोड पर 12 करोड़ की लैंबॉर्गिनी से हुए हादसे में आरोपी शिवम मिश्रा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. तेज रफ्तार कार ने कई लोगों को घायल किया था. हादसे के बाद बाउंसरों की नंबर प्लेट छिपाने की कोशिश का वीडियो भी वायरल हुआ था.

Kuldeep Sharma
Edited By: Kuldeep Sharma
कानपुर लैंबॉर्गिनी मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, आरोपी शिवम मिश्रा को किया गिरफ्तार
Courtesy: @Benarasiyaa

कानपुर का चर्चित लैंबॉर्गिनी हादसा अब नई मोड़ ले चुका है. रविवार को ग्वालटोली की वीआईपी रोड पर 12 करोड़ रुपये की सुपरकार ने भीषण दुर्घटना की, जिसमें ई-रिक्शा, बाइक सवार और राहगीर घायल हुए. कार बंशीधर टोबैको ग्रुप से जुड़े कारोबारी केके मिश्रा के बेटे शिवम मिश्रा की बताई जा रही है.

पुलिस ने शुरुआत में लापरवाही बरती, लेकिन अब पांच टीमों की मदद से शिवम को गिरफ्तार कर लिया है. हादसे के बाद बाउंसरों द्वारा नंबर प्लेट छिपाने और लोगों को भगाने का वीडियो वायरल होने से मामला और गरमा गया है. पुलिस अब गहन पूछताछ में जुटी है. 

हादसे का पूरा विवरण

रविवार शाम को तेज रफ्तार लैंबॉर्गिनी अचानक बेकाबू हो गई. पहले उसने एक ई-रिक्शा को टक्कर मारी, फिर बाइक सवार और एक पैदल राहगीर को चपेट में लिया. कार अंत में सड़क किनारे बिजली के खंभे से जा टकराई. हादसे में कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए, जिन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया. पुलिस का कहना है कि कार की रफ्तार बहुत ज्यादा थी, जिससे नियंत्रण खो गया. 

ड्राइवर को लेकर विरोधाभासी दावे

पुलिस ने एफआईआर में शिवम मिश्रा को ही ड्राइवर बताया है. वायरल वीडियो में भी ड्राइविंग सीट पर शिवम दिख रहे हैं. लेकिन परिवार और बचाव पक्ष का दावा है कि कार मोहन लाल नाम के ड्राइवर ने चलाई थी. मोहन लाल ने मीडिया से कहा कि हादसे के समय शिवम की तबीयत बिगड़ी और वह उन पर गिर पड़े, जिससे बैलेंस बिगड़ा. इस मुद्दे पर जांच जारी है. 

बाउंसरों की संदिग्ध हरकतें

हादसे के तुरंत बाद वायरल हुए वीडियो में शिवम की कार के पीछे चल रही दूसरी कार से उतरे बाउंसर दिखे. वे नंबर प्लेट हटाने या छिपाने की कोशिश करते नजर आए. हाथ में वॉकी-टॉकी लिए बाउंसर लोगों को दूर हटने के लिए चिल्लाते भी सुने गए. पुलिस का कहना है कि ये गतिविधियां पहचान छिपाने की कोशिश थीं, जिसकी जांच की जा रही है. 

पुलिस की कार्रवाई और आगे की जांच

हादसे के बाद ग्वालटोली थाने के प्रभारी को लाइन अटैच किया गया था. अब पुलिस ने पांच टीमों के साथ शिवम मिश्रा को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया है. गिरफ्तारी के बाद हादसे की वजह, कार की स्पीड, घटनास्थल की स्थिति और बाउंसरों की भूमिका पर गहन पूछताछ होगी. जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई तय होगी.