menu-icon
India Daily

Uttar Pradesh: स्मार्टफोन की चाहत में खून का रिश्ता भूला पोता, लोहे की रॉड और ईंट से दादा को उतारा मौत के घाट

Uttar Pradesh: उत्तर प्रदेश के बस्ती से एक खौफनाक घटना सामने आई है. दरअसल, पोते ने स्मार्टफोन नहीं मिलने पर अपने ही दादा का खून कर डाला और अब पुलिस ने उसे गिरफ्तार भी कर लिया है.

mishra
Uttar Pradesh: स्मार्टफोन की चाहत में खून का रिश्ता भूला पोता, लोहे की रॉड और ईंट से दादा को उतारा मौत के घाट
Courtesy: Social Media

Uttar Pradesh: उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में एक ऐसा दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक नाबालिग पोते ने अपने दादा की सिर्फ इसलिए हत्या कर दी क्योंकि वह उसे स्मार्टफोन नहीं दिला सके. पुलिस ने आरोपी पोते और उसके दोस्त को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.

यह घटना बस्ती के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के रेहरवा गांव में 4 अगस्त को हुई. रिटायर्ड फौजी रमापति पाण्डेय अपने नाबालिग पोते के साथ किराए के मकान में रहते थे. उस दिन पोते ने दादा से स्मार्टफोन खरीदने के लिए पैसे मांगे. जब दादा ने पैसे देने से मना कर दिया, तो दोनों के बीच कहासुनी हो गई. बात इतनी बढ़ गई कि गुस्से में आकर पोते ने लोहे की रॉड से और उसके दोस्त ने ईंट से दादा पर हमला कर दिया. इस हमले में रमापति पाण्डेय की मौके पर ही मौत हो गई. 

पैसों को लेकर अक्सर होता था झगड़ा

पुलिस जांच में पता चला कि पोता पहले भी कई बार अपने दादा से स्मार्टफोन के लिए पैसे मांग चुका था. पैसे न मिलने पर वह उनके साथ बदतमीजी और मारपीट तक करता था. घटना के दिन भी यही हुआ. दादा ने गुस्से में पोते को डांट दिया और गाली दी, जिससे वह और भड़क गया. इसके बाद उसने अपने दोस्त अजहरुद्दीन के साथ मिलकर दादा पर जानलेवा हमला कर दिया.

पुलिस को गुमराह करने की कोशिश

हैरानी की बात यह है कि हत्या के बाद पोते ने खुद ही पुलिस को बुलाया और झूठी कहानी बनाई. उसने बताया कि वह घर से बाहर था और जब लौटा तो दादा को लहूलुहान हालत में पाया. हालांकि, पुलिस ने अपनी जांच शुरू की और जल्द ही सच्चाई सामने आ गई. जांच में यह साफ हो गया कि हत्या में पोता और उसका दोस्त शामिल थे. पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया.

पुलिस ने किया मामले का खुलासा

बस्ती के अपर पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह ने बताया कि 4 अगस्त को रमापति पाण्डेय की हत्या की सूचना मिली थी. पुलिस ने तुरंत शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की. जांच के दौरान कई अहम सुराग मिले, जिसके आधार पर हत्याकांड का खुलासा हुआ. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की आगे की जांच जारी है.