युवक ने जान देकर चुकाई गुटखा थूकने की कीमत, वैन से टकराकर धड़ से अलग हुआ सिर
राजस्थान के बाड़मेर में बस यात्री रहमतुल्लाह की मौत हो गई जब उसने गुटखा थूकने के लिए सिर खिड़की से बाहर निकाला और सामने से आ रही वैन से टकरा गया. पुलिस जांच जारी है.
बाड़मेर: राजस्थान के बाड़मेर जिले से गुरुवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई. चौहटन उपखंड के धनाऊ थाना क्षेत्र में बाखासर रोड पर एक बस यात्री की जान सिर्फ इसलिए चली गई क्योंकि उसने गुटखे की पीक थूकने के लिए बस की खिड़की से सिर बाहर निकाल लिया था. सामने से आ रही पशुपालन विभाग की वैन उसके सिर से टकरा गई, जिससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई.
घटना धनाऊ से चौहटन की ओर जा रही एक निजी ट्रेवल्स बस में हुई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस अलमसार के पास पहुंची ही थी कि बस में सवार रहमतुल्लाह पुत्र सुलेमान खान निवासी बीसासर ने गुटखा थूकने के लिए खिड़की से सिर बाहर निकाला. तभी सामने से तेज़ रफ्तार में आ रही पशुपालन विभाग की मोबाइल वैन उसके सिर से टकरा गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि रहमतुल्लाह का सिर धड़ से अलग हो गया और बस के अंदर अफरातफरी मच गई. यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और बस चालक ने तुरंत वाहन रोका.
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शुरू की जांच
सूचना मिलते ही धनाऊ थाना पुलिस और चौहटन डीएसपी जेठाराम मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर धनाऊ अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया और दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है. फिलहाल, मामले की जांच जारी है.
परिवार से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक रहमतुल्लाह अपने पांच भाइयों में सबसे बड़ा था और अपने बीमार पिता की दवा लेने बाड़मेर जा रहा था.
पुलिस ने लोगों से की सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील
स्थानीय पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यात्रा के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करें और किसी भी स्थिति में खिड़की या दरवाजे से शरीर का कोई हिस्सा बाहर न निकालें, ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं से बचा जा सके.
और पढ़ें
- Swift DZire से हुई ऊंट की जोरदार टक्कर, छत तोड़कर कार में घुसा, JCB की मदद से बाहर आते ही हुआ फरार
- पड़ोसी बुजुर्ग महिला की हत्या करने के बाद शव को टुकड़ों में काटा, कट्टे में भरकर, जानें दपंति ने क्यों किया ये घिनौना काम
- राजस्थान की IAS अधिकारी ने अपने आईएएस पति पर लगाया घरेलू हिंसा का आरोप, दर्ज हुई FIR