IPL 2026 West Bengal Assembly Election 2026 Assam Assembly Election 2026

अमित शाह का बड़ा ऐलान, बंगाल में TMC आए या फिर BJP चुनाव के बाद सात दिनों तक तैनात रहेंगे केंद्रीय सुरक्षा बल

पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण का मतदान होना बाकी है. इसी बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ऐलान किया है कि परिणाम चाहे कुछ भी हो मतगणना के बाद सात दिनों तक वह राज्य में बने रहेंगे.

ANI
Shanu Sharma

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव का अब दूसरा चरण होना है. उससे ठीक पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक महत्वपूर्ण घोषणा की है. उन्होंने कहा कि चुनाव के परिणाम चाहे किसी भी पार्टी के पक्ष में आएं, मतगणना के बाद सात दिनों तक केंद्रीय सुरक्षा बल राज्य में बने रहेंगे.

अमित शाह ने यह ऐलान सोमवार को बेहाला में आयोजित रोड शो और जनसभा के दौरान किया है. चुनाव आयोग ने इस बार पश्चिम बंगाल में मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष बनाने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं. 

अमित शाह ने क्या कहा?

अमित शाह ने मतदाताओं से अपील की कि वे बिना किसी भय या चिंता के वोट डालें. एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भाइयों और बहनों, 29 अप्रैल को निडर होकर मतदान करें. चुनाव आयोग ने सुरक्षा के मजबूत प्रबंध किए हैं. गुंडों से डरने की कोई जरूरत नहीं है. शाह ने आगे कहा कि भाजपा सत्ता में आए या न आए, केंद्रीय बल मतगणना के सात दिन तक राज्य में तैनात रहेंगे. यह व्यवस्था मतदान के बाद भी शांति बनाए रखने के लिए की गई है.

विपक्षी दलों पर जमकर साधा निशाना 

अमित शाह का यह कार्यक्रम बेहाला पूर्व और बेहाला पश्चिम विधानसभा सीटों पर भाजपा उम्मीदवारों के समर्थन में प्रचार के अंतिम दिन आयोजित किया गया. दक्षिण कोलकाता के इस इलाके में रोड शो के दौरान भारी संख्या में भाजपा समर्थक जुटे. पूरा क्षेत्र भगवा झंडों और बैनरों से सजा नजर आया. खुले वाहन पर सवार अमित शाह ने समर्थकों का अभिवादन किया. 

शाह ने कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर राज्य में विकास की नई गति आएगी और कानून व्यवस्था की स्थिति मजबूत होगी. पश्चिम बंगाल में पिछले कई वर्षों से चुनावी हिंसा की घटनाएं चिंता का विषय रही हैं. विभिन्न राजनीतिक दलों के बीच टकराव और बूथ कैप्चरिंग जैसी घटनाएं अक्सर देखी गई हैं. इस बार चुनाव आयोग ने सख्त रुख अपनाते हुए कई अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की है और संवेदनशील क्षेत्रों में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की भारी तैनाती की है. इस बार राज्य में पहला चरण चुनाव भी शांति से हुआ. वहीं दूसरे चरण में अब 142 सीटों पर मतदान होना है.