पंजाब के तरनतारन में सोमवार सुबह हुई वारदात ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया. जिले के गांव उसमा में मौजूद माई भागो लॉ कॉलेज में कानून की पढ़ाई कर रहा एक छात्र अपने बैग में पिस्तौल रखकर क्लास में पहुंचता है और मौका मिलते ही पहले एक लड़की को गोली मारता है और फिर खुद की कनपटी पर गोली मारकर आत्महत्या कर लेता है. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहा है. हर कोई वीडियो देखकर सन्न है. दो सेकेंड के भीतर दो लोगों की कहानी खत्म हो जाती है.
अब हर कोई इस वारदात के पीछे की कहानी जानने के लिए उत्सुक है कि आखिर प्रिंस ने ऐसा क्यों किया? यहां हम इस घटना से जुड़ी एक-एक कड़ी का पर्दाफाश करेंगे.
प्रिंस द्वारा जिस छात्रा को मारा गया उसकी पहचान नौशहरा पन्नुआ गांव की रहने वाली संदीप कौर के रूप में हुई है, जबकि हमलावर छात्र प्रिंस राज मलियां गांव का रहने वाला था. दोनों गांव की दूरी करीब 12 किलोमीटर है. प्रिंस और संदीप कौर दोनों एक ही कॉलेज में पढ़ते थे और क्लासमेट थे.
Really Disturbing..A young man shot dead a student of Law College in Usma village of Tarn Taran and then committed suicide by shooting himself, Women has been identified as Sandeep Kaur, and the man as Prince Raj, a resident of Mallian village in Tarn Taran. pic.twitter.com/6Ujwk32mnd
— Garima Srivastav (@JournoGarima) February 9, 2026
जानकारी के मुताबिक, प्रिंस संदीप से प्यार करता था और उससे शादी करना चाहता था. संदीप के परिवार ने बताया कि संदीप कौर की हाल ही में सगाई हुई थी और प्रिंस राज इसी बात से नाराज था. लड़की के परिजनों का दावा है कि संदीप की सगाई के बाद प्रिंस का व्यवहार और आक्रामक हो गया था. उसे यह रिश्ता मंजूर नहीं था और शायद इसी वजह से उसने संदीप को मार डाला.
संदीप की मां और बहन ने बताया कि प्रिंस दो तीन बार उनके घर तक आ धमका था. उसने संदीप को प्रपोज भी किया था और दबाव बनाया था कि वह उससे बात करे. संदीप की मां ने बताया कि वारदात वाले दिन भी वह घर पर आया था और धमकी दी थी कि अगर वह उससे बात नहीं करेगी तो उसे गोली मार देगा. परिवार ने उसे समझाकर लौटा दिया लेकिन उन्हें क्या पता था कि वह वाकई इतना खौफनाक कदम उठा लेगा.
संदीप कौर के पिता का पहले ही निधन हो चुका था. परिजनों ने बताया कि संदीप ने साफ कह दिया था कि वह सिर्फ अपनी पढ़ाई पर फोकस करना चाहती है और किसी भी रिश्ते या प्रेम प्रसंग में नहीं पढ़ना चाहती. संदीप की मां छोटे-मोटे काम करके घर चलाती हैं, उनकी सात बेटियां हैं और एक 12 साल का बेटा है. परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक ना होने के चलते संदीप अपने परिवार का सहारा बनना चाहती थी.
मृतक प्रिंस के पिता भारतीय सेना में तैनात हैं. आशंका है कि वारदात में प्रिंस ने अपने पिता की पिस्तौल का ही इस्तेमाल किया हो. पुलिस इस बात की पुष्टि करने में जुटी है कि आखिर हथियार प्रिंस के पास कैसे पहुंचा. अगर यह सर्विस पिस्टल थी तो मामला और गंभीर हो सकता है.
सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर एक छात्र कॉलेज के अंदर पिस्तौल लेकर कैसे दाखिल हुआ? क्या कॉलेज में सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं थे. इस घटना के बाद कॉलेज प्रशासन पर छात्रों की सुरक्षा को लेकर सवाल दागे जा रहे हैं.