IPL 2026

'ये विपक्ष के लिए बड़ा सबक...', बिहार में NDA की जीत पर इंदौर में जश्न के दौरान बोले CM मोहन यादव

बिहार में एनडीए की जीत पर इंदौर के राजवाड़ा में बीजेपी समर्थकों ने जमकर जश्न मनाया. मुख्यमंत्री मोहन यादव भी जश्न में शामिल हुए और इसे विपक्ष के लिए बड़ा सबक बताया.

@DrMohanYadav51 X account
Km Jaya

इंदौर: बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की शानदार जीत के बाद पूरे देश में जश्न का माहौल है और इसकी गूंज मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में भी साफ सुनाई दी. एनडीए की जीत के रुझान आने के बाद इंदौर के ऐतिहासिक राजवाड़ा में बीजेपी समर्थकों ने जमकर उत्सव मनाया. आतिशबाजी की गई और समर्थकों ने एक-दूसरे को मिठाई बांटकर जीत की खुशी व्यक्त की. 

इस जश्न में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी शामिल हुए जिन्होंने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया. मुख्यमंत्री मोहन यादव अपने एक दिवसीय दौरे पर इंदौर पहुंचे थे. यहां उन्होंने पहले गोपाल मंदिर का निरीक्षण किया और फिर सीधे राजवाड़ा पहुंचे जहां एनडीए की जीत का जश्न चरम पर था. मौके पर मौजूद समर्थकों ने सीएम यादव का जोरदार स्वागत किया.

सीएम ने क्या कहा?

सीएम ने सभी कार्यकर्ताओं और समर्थकों को बिहार में मिली इस ऐतिहासिक जीत की बधाई दी और कहा कि यह परिणाम जनता के विश्वास और कार्यकर्ताओं की मेहनत का फल है. मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बिहार चुनाव परिणामों को विपक्ष के लिए बड़ा सबक बताया. 

कांग्रेस और महागठबंधन पर क्या बोले?

उन्होंने कांग्रेस और महागठबंधन पर तीखे शब्दों में निशाना साधा. उन्होंने कहा कि विपक्षी दल जमीन से कट चुकी राजनीति कर रहे हैं और जनता उनके भ्रमजाल को समझ चुकी है. उन्होंने कहा कि जनता विकास चाहती है और इसलिए उसने एनडीए को भारी समर्थन दिया है.

विपक्ष पर क्या कसा तंज?

सीएम मोहन यादव ने विपक्ष पर टिप्पणी करते हुए कहा, 'जमीन पर रहो, जमीन से जुड़ी राजनीति करो. हवा में रहोगे तो हवा में उछाल दिए जाओगे.' उनकी यह टिप्पणी महागठबंधन पर सीधा हमला थी. उन्होंने कहा कि एनडीए की नीतियों, नेतृत्व और कार्यकर्ताओं के परिश्रम ने बिहार में सकारात्मक माहौल बनाया और वोटरों ने उसी को चुना.

उन्होंने जनता को लेकर क्या कहा?

उन्होंने यह भी कहा कि बिहार का यह परिणाम साबित करता है कि लोग विकास, सुरक्षा और स्थिरता चाहते हैं और एनडीए ने इन्हीं मुद्दों पर भरोसा जीता है. इंदौर में मौजूद समर्थकों ने भी कहा कि बिहार का यह जनादेश पूरे देश में एक संदेश देता है कि जनता सकारात्मक राजनीति को ही पसंद करती है.

पूरे राजवाड़ा क्षेत्र में कैसा था माहौल?

जश्न के दौरान पूरे राजवाड़ा क्षेत्र में उत्साह देखने को मिला. आतिशबाजी से आसमान जगमगा उठा और 'एनडीए जिदाबाद' के नारे गूंजते रहे. कई स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कहा कि बिहार चुनाव का यह परिणाम 2026 के आगामी राजनीतिक माहौल पर भी असर डाल सकता है. कार्यकर्ताओं ने सीएम मोहन यादव के नेतृत्व की भी सराहना की और कहा कि उनकी मौजूदगी ने उत्सव का जोश और बढ़ा दिया.