T20 World Cup 2026

जबलपुर में दिनदहाड़े युवा डॉक्टर की चाकू से गोदकर हत्या, सांस रुकने तक हमला करते रहे बदमाश; CCTV में कैद हुए हमलावर

जबलपुर में डॉक्टर महेंद्र साहू की चाकुओं से गोदकर हत्या करने का मामला सामने आया है. इस जघन्य घटना से इलाके में डर और आक्रोश का माहौल है. पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर सभी पहलुओं से जांच शुरू कर दी है.

Anuj

जबलपुर: मध्य प्रदेश के जबलपुर से एक दिलदहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां चाकुओं से गोदकर एक युवा डॉक्टर की बेरहमी से हत्या कर दी गई. जानकारी के अनुसार, अज्ञात छह हमलावरों ने डॉक्टर महेंद्र साहू पर चाकुओं से हमला किया. महेंद्र साहू के शरीर पर 11 से अधिक घाव मिले हैं. हमलावरों ने चाकू से तब तक वार किए, जब तक डॉक्टर ने दम नहीं तोड़ा. इस जघन्य घटना से इलाके में डर और आक्रोश का माहौल है. फिलहाल, डॉग स्क्वायड और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की टीम मौके पर पहुंचकर मामले की गंभीरता से जांच कर रही है.

खून से लथपथ शव मिला

घटना सहजपुर ब्रिज के नीचे घटी है. शनिवार दोपहर लगभग 1 बजे सड़क किनारे खून से लथपथ शव मिलने पर इलाके में हड़कंप मच गया. मृतक की पहचान पाटन थाना क्षेत्र के 27 वर्षीय डॉक्टर महेंद्र साहू के रूप में हुई. उनके परिवार ने बताया कि शुक्रवार शाम लगभग 5 बजे वह उज्जैन जाने के लिए घर से अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी से निकले थे.

अज्ञात बदमाशों ने किया हमला

रास्ते में उनकी स्कॉर्पियो गाड़ी खराब हो गई थी. रात में गाड़ी की मरम्मत नहीं हो पाई और उन्होंने वहीं रुकने का फैसला किया. सुबह मैकेनिक को बुलाया गया, लेकिन आवश्यक उपकरण न होने के कारण मैकेनिक शहर चला गया और महेंद्र साहू गाड़ी में अकेले ही रह गए. इसी बीच अज्ञात बदमाशों ने डॉक्टर पर हमला कर दिया. पुलिस और फॉरेंसिक जांच में पता चला कि हत्या बेहद क्रूर तरीके से धारदार हथियार से की गई. डॉक्टर के चेहरे, गर्दन और पीठ पर कई गहरे घाव मिले. एफएसएल अधिकारी नीता जैन के अनुसार, यह स्पष्ट रूप से मल्टीपल शार्प इंजरी से हुई हत्या थी.

हत्या का कारण स्पष्ट नहीं

घटनास्थल से लगे सीसीटीवी कैमरे में बदमाश कैद हुए हैं. दो बाइक पर सवार 6 लोग चेहरा ढककर जाते हुए कैमरे में नजर आ रहे हैं. पुलिस को संदेह है कि यही लोग हत्या में शामिल हैं. आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने तीन अलग-अलग टीमें बनाकर संभावित ठिकानों पर दबिश शुरू कर दी है.

हत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है. मृतक के परिवार ने किसी पुराने विवाद या दुश्मनी से इनकार किया है. परिजनों का मानना है कि यह तात्कालिक विवाद या सुनियोजित वारदात हो सकती है. घटना की जानकारी मिलते ही भेड़ाघाट थाना पुलिस, फॉरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर जांच कर रहे हैं.

दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग

डॉक्टर महेंद्र साहू के पिता महेश साहू ने बताया कि उनका बेटा उज्जैन जाने की बात कहकर निकला था और सुबह तक उनसे बातचीत भी हुई थी. उन्होंने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की है. पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर सभी पहलुओं से जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में यह पता चला कि हत्या दोपहर 12 से 1 बजे के बीच हुई थी.