दिल्ली एनसीआर में एक बार फिर मौसम ने ऐसा रूप दिखाया जिसने लोगों को हैरान कर दिया. सुबह तक तेज गर्मी झेल रहे लोग दोपहर बाद अचानक बदलते मौसम से राहत महसूस करने लगे. तेज हवाएं चलीं, आसमान में बादल छाए और कई इलाकों में बारिश के साथ ओले भी गिरे हैं. दिल्ली और आसपास के इलाकों में दोपहर के बाद मौसम तेजी से बदला है. सीलमपुर और यमुना विहार जैसे इलाकों में ओले गिरने की खबर सामने आई है. इसके अलावा नोएडा और ग्रेटर नोएडा में भी तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश और ओले गिरे हैं.
दिल्ली NCR में बदला मौसम का मिजाज,हुई ओले की बरसात,गाजियाबाद में जमकर ओले बरसे pic.twitter.com/p3fGN4yL61
— Anuj chaudharyy (@anujchnewspost) April 30, 2026
India Meteorological Department ने पहले ही 30 अप्रैल को लेकर अलर्ट जारी किया था. विभाग के अनुसार दिनभर आंशिक रूप से बादल छाए रहने और शाम के समय हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना जताई गई थी. मौसम विभाग ने दिल्ली एनसीआर के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. इसका मतलब है कि मौसम अचानक बदल सकता है और लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है. विभाग के अनुसार तेज हवाएं 40 से 45 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चल सकती हैं. कुछ इलाकों में यह रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की संभावना है.
मौसम में बदलाव का असर तापमान पर भी साफ नजर आया है. कुछ दिन पहले जहां दिल्ली का अधिकतम तापमान 42.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, वहीं अब इसमें गिरावट दर्ज की गई है. मंगलवार को तापमान 39.2 डिग्री तक आ गया था और बुधवार को बारिश के कारण इसमें और कमी आई. 30 अप्रैल को अधिकतम तापमान करीब 39 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 25 डिग्री के आसपास रह सकता है. सुबह और शाम के समय तापमान लगभग 32 से 33 डिग्री के बीच दर्ज किया जा रहा है, जिससे लोगों को राहत महसूस हो रही है.
मौसम विभाग के अनुसार यह बदलाव सिर्फ एक दिन का नहीं है. 1 और 2 मई को भी आसमान में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं. हालांकि इन दिनों तापमान फिर से थोड़ा बढ़ सकता है. इन दिनों अधिकतम तापमान 40 से 41 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री के बीच रहने की संभावना है. इसके बावजूद मौसम पूरी तरह साफ नहीं रहेगा.