Weather Update: दिल्ली में बदला मौसम का मिजाज, तेज आंधी के साथ झमाझम बारिश; येलो अलर्ट जारी
दिल्ली में शनिवार को अचानक तापमान बढ़ने के बाद अब मौसम विभाग ने बारिश का अलर्ट जारी किया है. रविवार और सोमवार को तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है.
दिल्ली के मौसम ने एक बार फिर करवट ली है. शनिवार को गर्मी के बीच लोगों को बड़ी राहत मिली है. शनिवार को दिल्ली में बारिश और आंधी-तूफान का दौर देखने को मिला. लोगों को गर्मी से राहत मिली. मौसम में अचानक आए बदलाव से शहर में बढ़ते तापमान से बहुत जरूरी राहत मिली. राजधानी के कुछ हिस्सों से आ रही वीडियो में देखा गया कि बारिश कुछ इलाकों में जोरदार तरीके से बरस रही थी और शहर व उसके आस-पास के इलाकों में तूफानी मौसम का अनुभव किया गया. IMD ने अगले दो दिनों के लिए मौसम में फिर बदलाव का पूर्वानुमान जारी किया.
तापमान में उतार-चढ़ाव
राजधानी में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है. शनिवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 25.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. यह सामान्य से भी 1.2 डिग्री अधिक रहा. वहीं, अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. यह सामान्य से 0.7 डिग्री कम है. दिल्ली के लगभग सभी मौसम स्टेशनों पर तापमान में इसी तरह की भारी वृद्धि दर्ज की गई.
येलो अलर्ट जारी
बढ़ते तापमान और गर्मी के बीच IMD ने दिल्ली के नागरिकों के लिए एक जरूरी चेतावनी जारी की है. मौसम विभाग ने अगले दो दिनों रविवार और सोमवार के लिए राजधानी में येलो अलर्ट घोषित कर दिया है. दिल्ली और आसपास के इलाकों में तेज रफ्तार हवाएं चलने की संभावना है. साथ ही हल्की बारिश भी हो सकती है.
रविवार का मौसम
रविवार को दिल्ली के आसमान में दिन भर बादल छाए रहने की उम्मीद है. दोपहर में हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है. 30 से 50 किमी प्रति घंटे की गति से हवा चलने का भी पूर्वानुमान है. सोमवार को भी ऐसी ही स्थिति बनी रह सकती है.