menu-icon
India Daily

कड़कड़डूमा कोर्ट के जज अमन कुमार ने क्यों की आत्महत्या? पिता ने बताई आखिरी पलों की दास्तां

दक्षिणी दिल्ली के ग्रीन पार्क में कड़कड़डूमा कोर्ट के जज अमन कुमार शर्मा ने मानसिक तनाव के चलते आत्महत्या कर ली. पारिवारिक कलह और पत्नी के साथ विवाद को उनकी मौत का मुख्य कारण माना जा रहा है.

KanhaiyaaZee
कड़कड़डूमा कोर्ट के जज अमन कुमार ने क्यों की आत्महत्या? पिता ने बताई आखिरी पलों की दास्तां
Courtesy: Social Media

नई दिल्ली: ग्रीन पार्क इलाके में रहने वाले 30 वर्षीय जज अमन कुमार शर्मा अपने घर में मृत पाए गए. कड़कड़डूमा कोर्ट में तैनात अमन ने कथित तौर पर बाथरूम में फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली. शुरुआती जांच के अनुसार यह मामला मानसिक अवसाद और घरेलू कलह का प्रतीत हो रहा है. इस घटना ने न केवल उनके परिवार को बल्कि पूरी न्यायपालिका को झकझोर कर रख दिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

शनिवार दोपहर करीब 1:45 बजे सफदरजंग एन्क्लेव पुलिस को एक पीसीआर कॉल मिली, जिसमें अमन के जीजा शिवम ने पुलिस को बाथरूम में उनके शव मिलने की जानकारी दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और अमन को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने फिलहाल इस घटना को संदिग्ध मानते हुए गहनता से साक्ष्य जुटाना शुरू कर दिया है.

आखिरी कॉल और पिता की दिल्ली रवानगी 

अमन ने अपनी मौत से एक रात पहले रात करीब 10 बजे अपने पिता को फोन किया था. उन्होंने बेहद भावुक और दुखी आवाज में कहा कि उनका जीना अब मुश्किल हो गया है और वे बहुत ज्यादा परेशान हैं. बेटे की मानसिक पीड़ा को भांपते हुए पिता उसी रात अलवर से दिल्ली के लिए रवाना हो गए और रात 12 बजे तक घर पहुंच गए. उन्हें रत्ती भर भी अंदाजा नहीं था कि उनका बेटा मौत के इतने करीब खड़ा है और वे उसे बचा नहीं पाएंगे.

पारिवारिक कलह और मानसिक दबाव 

घर पहुंचने पर पिता को पता चला कि अमन और उनकी पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था. अमन पिछले दो महीनों से गंभीर मानसिक तनाव में थे और उन्हें लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था. उन्होंने बताया कि घर के हर फैसले पर पत्नी का ही पूर्ण नियंत्रण रहता था. पिता ने स्थिति संभालने की कोशिश की, लेकिन अमन की पत्नी ने कथित तौर पर उन्हें तुरंत घर छोड़ने के लिए कहा और पुलिस बुलाने की धमकी भी दी. अमन की पत्नी के चाचा को भी सुलह के लिए बुलाया गया, लेकिन वे बिना कुछ किए वापस लौट गए. इसी बीच घर में शोर-शराबा बढ़ा और अमन कमरे से गायब हो गए. पिता द्वारा मोबाइल पर की गई कॉल की घंटी जब बाथरूम से आई, तब जाकर अनहोनी की आशंका में दरवाजा तोड़ा गया.

बाथरूम का दरवाजा तोड़ने पर अमन अपनी पत्नी की चुन्नी के फंदे से लटके मिले. पुलिस अब इस मामले को आत्महत्या के उकसावे के दृष्टिकोण से भी देख रही है. जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि इस प्रतिष्ठित न्यायिक अधिकारी ने अपनी जीवन लीला समाप्त करने जैसा कठोर कदम आखिर क्यों उठाया?